IPL के लिए कुछ भी गलत नहीं सुन सकते गौतम गंभीर - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL के लिए कुछ भी गलत नहीं सुन सकते गौतम गंभीर

इंडियन क्रिकेट के लिए IPL सबसे अच्छी चीज रही है और यह बात मैं अपने पूरे होश में कह सकता हूं: गौतम गंभीर

Gautam Gambhir (Photo by Qamar Sibtain/The India Today Group via Getty Images)
Gautam Gambhir (Photo by Qamar Sibtain/The India Today Group via Getty Images)

भारत के पूर्व ओपनर गौतम गंभीर का मानना है कि जब भी भारतीय टीम बड़े टूर्नामेंटों में अच्छा प्रदर्शन नहीं करती है तो उसका सारा दोष इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) को दिया जाता है जो कि सही नहीं है। यही नहीं गौतम गंभीर ने यह बात भी समझाई कि कैसे इंडियन प्रीमियर लीग ने पिछले कई सालों में भारतीय टीम के क्रिकेट को एक नई पहचान दी है।

बता दें, टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड से बुरी तरह से हारने के बाद तमाम आलोचकों ने भारतीय टीम और उनके खिलाड़ियों की जमकर आलोचना की थी। तमाम आलोचकों का यही मानना था कि भारतीय खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग में तो अच्छा प्रदर्शन करते हैं लेकिन जब राष्ट्रीय टीम की बात आती है तो उनका प्रदर्शन काफी खराब हो जाता है। गंभीर का यह बयान इसी के बाद आया।

IPL की वजह से तमाम खिलाड़ियों को एक नई पहचान मिली है: गौतम गंभीर

FICCI के टर्फ 2022 और इंडिया स्पोर्ट्स अवॉर्ड में गौतम गंभीर ने कहा कि, ‘इंडियन क्रिकेट के लिए IPL सबसे अच्छी चीज रही है और यह बात मैं अपने पूरे होश में कह सकता हूं। शुरुआत से ही कई लोगों ने IPL की जमकर आलोचना की है। जब भी भारतीय क्रिकेटर अच्छा प्रदर्शन नहीं करते हैं तो दोष IPL को दिया जाता है, जो सही बात नहीं है। अगर हम ICC टूर्नामेंटों में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहे हैं तो खिलाड़ियों को दोष दिया जाए और उनके प्रदर्शन को दोष दिया जाए लेकिन IPL को कुछ भी कहना सही नहीं होगा।

एक खिलाड़ी 35-36 साल तक कि पैसे कमा सकता है। IPL की वजह से उन्हें सभी चीजों से संबंधित काफी लाभ मिलता है और यह बात भी बेहद जरूरी है।’

गौतम गंभीर खुद अपने समय में IPL के बेहतरीन कप्तानों में से एक रहे हैं। उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 2012 और 2014 सत्र जिताया था। बता दें उन्होंने KKR की कप्तानी 2011 से 2017 तक की है। इसके अलावा KKR ने उनकी कप्तानी में 2016 और 2017 सत्र में प्लेऑफ में जगह बनाई थी।

close whatsapp