‘वह भारत को वर्ल्ड कप दिला सकते हैं..’- सूर्या को लेकर रिकी पोंटिंग ने की बड़ी भविष्यवाणी
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के तीनों ही मैच में सूर्यकुमार यादव गोल्डन डक पर आउट हुए थे।
अद्यतन - अप्रैल 7, 2023 4:58 अपराह्न

टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव इस वक्त आईसीसी टी-20 रैकिंग में नंबर-1 स्थान पर काबिज हैं। इसी साल भारत को एशिया कप और वनडे वर्ल्ड कप खेलना है। ऐसे में सूर्यकुमार यादव जिस तरह से ताबरतोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हैं वो दोनों ही टूर्नामेंट में टीम इंडिया के लिए कारगार साबित हो सकती है।
लेकिन पिछले वनडे सीरीज में सूर्यकुमार यादव के निराशाजनक प्रदर्शन ने फैंस और मैनेजमेंट की चिंता बढ़ाने का काम किया था। सूर्यकुमार यादव ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के तीनों मैचों में गोल्डन डक पर आउट हुए थे।
भारतीय टीम को खराब प्रदर्शन के चलते ऑस्ट्रेलिया से वनडे सीरीज 2-1 से हारनी पड़ी थी। इसी बीच पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज रिकी पोंटिंग ने सूर्यकुमार यादव की जमकर तारीफ की है। उनका मानना है कि, सूर्यकुमार यादव अगर फॉर्म में रहेंगे तो वो आगामी वर्ल्ड कप में भारत की जीत में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
करियर में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं- रिकी पोंटिंग
भारत के लिए वनडे फॉर्मेट में सूर्यकुमार यादव ने अब तक 12.28 के औसत से 172 रन बनाए हैं। सूर्या ने वनडे फॉर्मेट में पिछला अर्धशतक फरवरी 2022 में लगाया था। रिकी पोंटिंग ने आईसीसी रिव्यू के एक एपिसोड में सूर्यकुमार यादव को लेकर बात करते हुए कहा, ‘हां बिल्कुल, हर कोई अपने करियर में इस दौर से गुजरता है।
मुझे यकीन नहीं है कि मैंने इससे पहले ऐसा देखा है, जहां किसी को पूरी श्रृंखला में लगातार तीन पहली गेंद पर डक मिला है। लेकिन देखो हम सब वहां रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी के रूप में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं।’
सूर्या एक मैच विनर खिलाड़ी है- रिकी पोंटिंग
रिकी पोंटिंग का मानना है कि सूर्यकुमार यादव अपनी बल्लेबाजी से टीम को जीत दिलाने की काबिलियत रखते हैं। ‘उसके पिछले 12-18 महीने शानदार रहे हैं और दुनिया में सब लोग जानते हैं कि सूर्या व्हाइट बॉल क्रिकेट में क्या कर सकते हैं। मुझे लगता है टीम को उनके साथ बने रहना चाहिए।’
रिकी पोंटिंग ने आगे कहा, ‘वो वह खिलाड़ी हैं जो टीम को वर्ल्ड कप जीतवाते हुए नजर आ सकते हैं। वह अभी लय में नहीं हैं लेकिन वह उस तरह के खिलाड़ी है जो बड़े मौकों पर टीम के लिए मैच जीत सकते हैं। मैं मैच विनर खिलाड़ियों के तरफ जाऊंगा और वह एक मैच विनर खिलाड़ी है।’