पूर्व दिग्गज क्रिकेटर ने रोहित शर्मा के फैसले पर उठाए सवाल, टीम इंडिया के बल्लेबाज को बताया डरपोक
फारूख इंजीनियर ने रोहित शर्मा के टॉस जीतकर फील्डिंग करने के फैसले पर सवाल खड़े किए।
अद्यतन - जून 7, 2023 9:52 अपराह्न

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 का फाइनल मुकाबला इस वक्त भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इंग्लैंड के ओवल के मैदान पर खेला जा रहा है। इस मैच में टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया जो अभी तक सही नहीं रहा है। अब ऐसा लग रहा है कि हिटमैन का ये पहले गेंदबाजी करने का फैसला उन्हीं पर भारी पड़ता हुआ नजर आ रहा है।
उनके इस फैसले पर क्रिकेट फैंस और कई एक्सपर्ट्स ने भी सवाल उठाए। उन्हीं में से एक थे टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर फारूख इंजीनियर। फारूख इंजीनियर भारत के टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनने के फैसले से हैरान दिखे और इसकी उन्होंने ऐसी वजह बताई जो सबको हैरान कर रही है। फारुख का बयान कहीं ना कहीं रोहित और विराट कोहली जैसे खिलाड़ियों पर ही सवाल खड़ा कर रहा है।
फारूख इंजीनियर ने कहा कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनना हैरान करने वाला है। इंजीनियर के मुताबिक उन्हें ऐसा लगता है कि ये फैसला इसलिए लिया गया क्योंकि भारतीय बल्लेबाज ओवल की हरी पिच पर ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजों के सामने अपनी कमजोरी को उजागर नहीं करना चाहते थे।
फारूख इंजीनियर ने जमकर की चेतेश्वर पुजारा की तारीफ
फारूख इंजीनियर ने ये बात मानी कि टीम इंडिया के पास बेहतरीन बल्लेबाज हैं। उन्होंने चेतेश्वर पुजारा को इस टीम का तुरुक का इक्का बताया। उन्होंने कहा कि, पुजारा को इंग्लैंड में खेलने का अनुभव है। उन्होंने ससेक्स के लिए काफी रन भी बनाए हैं।
साथ ही फारुख इंजीनियर ने विराट कोहली और शुभमन गिल को भी बेहतरीन बल्लेबाज बताया। उन्होंने कहा कि, भारत एक मजबूत टीम है। हालांकि अब देखना ये दिलचस्प होगा कि टीम इंडिया के बल्लेबाज इस पिच पर दूसरी पारी में कैसी बल्लेबाजी करते हैं।