‘फास्ट बाॅलर्स की लाइन नहीं लगी हुई है’- वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट मैच से पहले बोले रोहित शर्मा
भारत और वेस्टइंडीज के बीच 12 जुलाई से खेला जाएगा पहला टेस्ट मैच
अद्यतन - जुलाई 12, 2023 5:34 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट टीम इस समय वेस्टइंडीज दौरे पर है। तो वहीं भारतीय क्रिकेट टीम के इस दौरे की शुरूआत आज 12 जुलाई को होने वाले पहले टेस्ट मैच से होगी। लेकिन इस मैच के शुरू होने से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने बड़ा बयान दिया है। रोहित का कहना है कि हमारे पास तेज गेंदबाजों की लाइन नहीं लगी हुई है।
रोहित शर्मा ने दिया बड़ा बयान
गौरतलब है कि वेस्टइंडीज और भारत के बीच पहला टेस्ट मैच विंडसर पार्क, डोमिनिका में भारतीय समय अनुसार रात 7.30 बजे से खेला जाएगा। लेकिन इस मैच से पहले आयोजित प्रेस काॅन्फ्रेंस में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने बड़ा बयान दिया है।
रोहित शर्मा ने कहा- यहां (वेस्टइंडीज में) पर तेज गेंदबाजों ने काफी विकेट लिए हैं। खेलते वक्त खिलाड़ी चोटिल होते हैं। इसलिए दुर्भाग्य से हमें खिलाड़ियों को रोटेट करना पड़ता है। हमारे पास तेज गेंदबाजों की लाइन नहीं लगी हुई है। यह भारतीय क्रिकेट के लिए यह हमेशा एक चुनौती रहेगी क्योंकि हम बहुत खेलते हैं। इसलिए हमें खिलाड़ियों को पर्याप्त ब्रेक देना होगा क्योंकि हम चाहते हैं कि वे तरोताजा रहें।
इसके अलावा रोहित शर्मा को टीम के सभी खिलाड़ियों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। रोहित ने बयान में आगे कहा- जब भी आप इंडिया टी-शर्ट पहनते हैं तो सबकी जिम्मेदारी बराबर होती है। मैं चाहता हूं कि सभी 11 खिलाड़ी आगे आएं और शानदार प्रदर्शन करें।
दूसरी ओर आपको दो मैचों की इस टेस्ट सीरीज के बारे में जानकारी दें तो टीम मैनेमेंट ने अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को आराम दिया है। जबकि जसप्रीत बुमराह चोटिल हैं और उमेश यादव को टीम से ड्राॅप किया गया है।
तो वहीं इस सीरीज के दौरान भारतीय टीम की तेज गेंदबाजी की कमान मोहम्मद सिराज और जयदेव उनादकट व मुकेश कुमार के हाथों में होगी, जो घरेलू क्रिकेट में हाल में ही शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं।