संदीप पाटिल को MCA चुनाव लड़ने की मिली अनुमति - क्रिकट्रैकर हिंदी

संदीप पाटिल को MCA चुनाव लड़ने की मिली अनुमति

संदीप पाटिल के अलावा आशीष शेलार, अमोल काले और निवर्तमान सचिव संजय नाइक भी इस पद के लिए आपस में भिड़ेंगे।

Sandeep Patil
Sandeep Patil. (Photo Source: Twitter)

14 अक्टूबर को होने वाले मुंबई क्रिकेट संघ (MCA) के चुनाव को लड़ने के लिए भारत की 1983 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य और पूर्व कोच संदीप पाटिल को हरी झंडी दे दी गई है। बता दें, पाटिल उन चार योग्य उम्मीदवारों में से एक हैं जो अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ेंगे। उनके अलावा आशीष शेलार, अमोल काले और निवर्तमान सचिव संजय नाइक भी इस पद के लिए आपस में भिड़ेंगे।

बीजेपी नेता आशीष शेलार मुंबई क्रिकेट संघ (MCA) के अध्यक्ष के रूप में वापसी करने के लिए इस रेस में शामिल हो गए हैं। वह साल 2016 में दो साल के लिए MCA के अध्यक्ष बने थे। अब देखना यह होगा कि कौन इस पद को अपने नाम करेगा।

अगर संदीप पाटिल ने जीता पद तो अपने नाम एक और रिकॉर्ड कर लेंगे दर्ज

खबरों के मुताबिक निवर्तमान सचिव संजय नाइक ने पाटिल के चुनाव लड़ने की उम्मीदवारी पर आपत्ति जताई थी। बता दें, पाटिल के बेटे चिराग ने अंकोला की बेटी सना से शादी की है, जो मुंबई के सीनियर पुरुष चयन समिति के अध्यक्ष हैं। हालांकि निर्वाचन अधिकारी जेएस सहारिया ने सभी दस्तावेजों की जांच करने के बाद संदीप पाटिल को हरी झंडी दे दी और अब वो इस पद के लिए चुनाव लड़ सकते हैं।

इस चुनाव में पाटिल और अमोल काले के बीच में जबरदस्त भिड़ंत देखने को मिलेगी। ऐसा इसलिए क्योंकि पाटिल चैलेंजर मुंबई क्रिकेट ग्रुप के लीडर है और काले उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के करीबी सहयोगी हैं। अगर पाटिल इस चुनाव को जीत जाते हैं तो वह 1980 के दशक में माधव मंत्री के बाद MCA के अध्यक्ष बनने वाले पहले टेस्ट क्रिकेटर होंगे। पूर्व कप्तान अजित वाडेकर और दिलीप वेंगसरकर ने चुनाव लड़ने की कोशिश की थी लेकिन 2000 और 2011 में क्रमश: शरद पवार और विलासराव देशमुख से हार गए थे।

संदीप पाटिल ने अपने क्रिकेटिंग करियर में 29 टेस्ट और 45 वनडे मैच खेले। उन्होंने टेस्ट में 4 शतक और 7 अर्धशतकों की बदौलत कुल 1588 रन बनाए। इसके अलावा वनडे में 9 अर्धशतक लगाते हुए 1005 रन बनाए। टेस्ट में उन्होंने 9 और वनडे में 15 विकेट भी लिए हैं।

close whatsapp