‘क्या हमारी पुरुष टीम कभी विश्व कप नहीं हारी?’ – पाकिस्तानी महिला क्रिकेटर्स पर भद्दे कमेंट्स करने वालों पर बरसीं सना मीर
अद्यतन - जून 28, 2026 4:55 अपराह्न

पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम के विमेंस टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद, टीम को जिस तरह की लैंगिक भेदभाव वाली और जहरीली आलोचना का सामना करना पड़ा, उसकी पाकिस्तान की पूर्व कप्तान सना मीर ने कड़ी निंदा की। उन्होंने डबल स्टैंडर्ड्स पर सवाल उठाते हुए कहा कि खराब फॉर्म से जूझ रहे पुरुष खिलाड़ियों को कभी भी जेंडर-आधारित अपमानजनक टिप्पणियों का सामना नहीं करना पड़ता।
इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए मीर ने सवाल उठाया कि क्या पुरुष खिलाड़ियों से यह कहा जाता है कि खराब प्रदर्शन करने पर उनके लिए किचन में “रोटियां” बनाना बेहतर है।
उन्होंने कहा, “मैं पुरुष और महिला टीमों के प्रदर्शन के बारे में बात करते समय डबल स्टैंडर्ड्स देखती हूं। मैं आलोचना के लहजे से सहमत नहीं हूं। हां, टीम उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी है, लेकिन सिर्फ इसलिए कि यह महिला टीम है, इसमें सेक्सिस्ट टोन क्यों जोड़ा जाए।”
देखें वीडियो
सना ने कहा, “इतने सालों बाद भी हम महिला टीम के परफॉर्मेंस पर बात करते समय उन्हें जरूरी सम्मान नहीं देते।” सना ने कहा कि फैंस और क्रिटिक्स को उन दिक्कतों का ध्यान रखना होगा जिनका सामना पाकिस्तान में प्रोफेशनल क्रिकेट खेलने वाली लड़कियों को करना पड़ता है।
पूर्व ऑलराउंडर ने महिला खिलाड़ियों का मजाक उड़ाने और गलत जानकारी फैलाने के लिए ऐआई से बनाए गए वीडियो की भी आलोचना की, जिससे उनके परिवारों को दुख हुआ। सना ने कहा कि उन्हें सबसे ज्यादा दुख तब हुआ जब महिला टीम के प्रदर्शन को क्रिकेट के आधार पर नहीं बल्कि जेंडर के आधार पर आंका गया।
अपने शुरुआती चार मैच हारने के बाद, पाकिस्तान को लीड्स में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 113 रनों की करारी हार का सामना करना पड़ा, लेकिन नीदरलैंड्स के खिलाफ 37 रनों की जीत के साथ उन्होंने अपने अभियान का सकारात्मक अंत किया। गुल फिरोजा ने मैच जिताऊ 63 रन बनाए और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का अवॉर्ड जीता, जबकि आयशा जफर और कप्तान फातिमा सना ने तीन-तीन विकेट लिए।