धोनी के साथ अपने 'कड़वे' रिश्ते की अटकलों पर गंभीर ने पहली बार तोड़ी चुप्पी - क्रिकट्रैकर हिंदी

धोनी के साथ अपने ‘कड़वे’ रिश्ते की अटकलों पर गंभीर ने पहली बार तोड़ी चुप्पी

2011 वर्ल्ड कप के फ़ाइनल में धोनी और गंभीर ने खेली थी महत्वपूर्ण पारी।

Gautam Gambhir and MS Dhoni. (Photo by Santosh Harhare via Getty Images)
Gautam Gambhir and MS Dhoni. (Photo by Santosh Harhare via Getty Images)

भारत के पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर की पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी को लेकर पिछली टिप्पणियों को सुनने के बाद कई लोगों का मानना था कि दोनों खिलाड़ियों के बीच कुछ भी ठीक नहीं है। चाहे वह 2011 विश्व कप फाइनल में 97 रनों की पारी पर उनकी टिप्पणी थी या 2012 सीबी सीरीज में धोनी की कप्तानी को लेकर टिप्पणी। हालांकि, अब गौतम गंभीर ने अपने पूर्व साथी और कप्तान एमएस धोनी के साथ अपने संबंधों को लेकर प्रतिक्रिया दी है।

गौतम गंभीर जो किसी भी मुद्दे पर अपनी बेबाक राय रखने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब खुद ही बता दिया कि, धोनी और उनके बीच कैसे रिश्ते हैं और उनके दिल में पूर्व कप्तान के लिए कितनी इज्जत है। जतिन सप्रू के यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए गंभीर ने धोनी की जमकर तारीफ की और कहा कि धोनी और उनके बीच मनमुटाव की खबरें बकवास है।

मेरे मन में उनके लिए बहुत अधिक सम्मान है- गौतम गंभीर

गंभीर ने कहा कि, “एमएस धोनी के लिए मेरे मन में बहुत सम्मान है। मैंने इसे ऑन एयर कहा है, मैं इसे 138 करोड़ जनता के सामने कहीं भी कर सकता हूं, अगर कभी जरूरत पड़ी, तो मुझे उम्मीद है कि उन्हें जीवन में कभी जरूरत नहीं होगी, अगर हुई तो मैं उनके बगल खड़ा होने वाला पहला व्यक्ति रहूंगा। उन्होंने भारतीय क्रिकेट के लिए जो किया है और वह जैसे इंसान हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि, “देखिए, हमारी राय में मतभेद हो सकते हैं, आप खेल को अलग तरह से देख सकते हैं, मैं खेल को अलग तरीके से देख सकता हूं। मेरी अपनी राय है, उनकी अपनी राय है। मैं वास्तव में सबसे लंबे समय तक उप-कप्तान रहा हूं जब वह कप्तान थे… हम मैदान पर प्रतिद्वंद्वी रहे हैं जब हम अपनी-अपनी टीमों के लिए खेले। लेकिन मेरे मन में उनके लिए बहुत अधिक सम्मान है।”

कोलकाता नाइट राइडर्स को अपनी कप्तानी में चैंपियन बना चुके गंभीर इस सीजन नई आईपीएल टीम लखनऊ सुपर जायंट्स में मेंटोर की भूमिका निभाएंगे। वहीं धोनी इस सीजन एक बार फिर चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी करेंगे और टीम को पांचवां आईपीएल ट्रॉफी दिलाने की कोशिश करेंगे।

close whatsapp