एशिया कप 2022: श्रीलंका की जीत के बाद कुछ ज्यादा ही भावनाओं में बह गए गौतम गंभीर
मुकाबले के बाद भारत के पूर्व बल्लेबाज गौतम गंभीर ने श्रीलंकाई खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की।
अद्यतन - Sep 12, 2022 2:31 pm

11 सितंबर को खेले गए एशिया कप 2022 के फाइनल मुकाबले में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 23 रन से मात देकर इस टूर्नामेंट की ट्रॉफी 6वीं बार अपने नाम की। यह मुकाबला दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया। मुकाबले के बाद भारत के पूर्व बल्लेबाज गौतम गंभीर ने श्रीलंकाई खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की और वो खुद कैमरों के सामने श्रीलंका का झंडा लेकर पोज देते हुए भी दिखाई दिए।
एशिया कप 2022 के शुरू होने से पहले तमाम विशेषज्ञों और प्रशंसकों को उम्मीद थी कि टूर्नामेंट के इस सत्र में उनको पहली बार भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मुकाबला देखने को मिलेगा, लेकिन दसुन शनाका और उनकी टीम ने फैंस फैंस की उन उम्मीदों पर पानी फेर दिया। किसी को भी यह उम्मीद नहीं थी कि, ये युवा श्रीलंका टीम एशिया कप 2022 के फाइनल में पहुंचेगी और इसको जीतेगी भी, लेकिन टीम के सभी खिलाड़ियों ने हर मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इस ट्रॉफी को अपने नाम किया।
बता दें, श्रीलंका की शुरुआत इस टूर्नामेंट में काफी खराब हुई थी क्योंकि वो अपना पहला मुकाबला अफगानिस्तान के खिलाफ बड़ी बुरी तरह से हारी थी। हालांकि इस मुकाबले के बाद टीम ने जबरदस्त वापसी की और फाइनल को जीतकर ट्रॉफी अपने नाम की।
उन्होंने पहले ग्रुप स्टेज में बांग्लादेश को हराया फिर सुपर 4 के अपने तीनों मुकाबले भारत, अफगानिस्तान और पाकिस्तान के खिलाफ जीते। इसके बाद उन्होंने फाइनल में पाकिस्तान को मात देकर यह ट्रॉफी अपने नाम की। वही इस जीत के बाद गौतम गंभीर ने श्रीलंका को सोशल मीडिया पर बधाई देते हुए लिखा कि, ‘सुपरस्टार टीम… आप इस जीत के सच्चे हकदार हैं!! #CongratsSriLanka’
Superstar team…Truly deserving!! #CongratsSriLanka pic.twitter.com/mVshOmhzhe
— Gautam Gambhir (Modi Ka Parivar) (@GautamGambhir) September 11, 2022
वानिंदु हसरंगा के ऑलराउंड प्रदर्शन की वजह से श्रीलंका ने जीता फाइनल
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। उनके शुरुआती 5 विकेट 9 ओवर के भीतर मात्र 58 रन पर ही गिर गए। तमाम पाकिस्तानी प्रशंसक खुश थे कि उनकी टीम इस मुकाबले को बड़ी आसानी से जीत जाएगी, लेकिन भानुका राजपक्षे और वानिंदु हसरंगा ने 6वें विकेट के लिए 58 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। राजपक्षे ने 45 गेंदों में 6 चौके और 3 छक्कों की मदद से 71* रन की अर्धशतकीय पारी खेली, वहीं हसरंगा ने 21 गेंदों में 5 चौके और 1 छक्के की मदद से 36 रन जड़े। टीम ने कुल 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 170 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम के भी विकेट लगातार अंतराल में गिरते रहे जिसकी वजह से टीम के ऊपर दबाव बढ़ता रहा और वो इस लक्ष्य को बनाने में नाकाम रही। टीम की ओर से मोहम्मद रिजवान ने 49 गेंदों में सर्वाधिक 55 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में 4 चौके और 1 छक्का जड़ा। हसरंगा ने सिर्फ बल्लेबाजी से ही नहीं बल्कि गेंदबाजी से भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने 4 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट झटके।