गौतम गंभीर पर अहमद शहजाद का हमला, टीम में राजनीति लाने का आरोप

गौतम गंभीर पर अहमद शहजाद का हमला, टीम में राजनीति लाने का आरोप

दक्षिण अफ्रीका से हार के बाद बढ़ा दबाव, कुलदीप यादव को बाहर रखने पर भी उठे सवाल

Gambhir Shehzad (Image credit Twitter - X)
Gambhir Shehzad (Image credit Twitter – X)

टी20 विश्व कप के बीच पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज अहमद शहजाद ने भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर पर तीखा हमला बोला है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सुपर 8 मुकाबले में मिली बड़ी हार के बाद भारतीय टीम दबाव में है और सेमीफाइनल की राह कठिन हो गई है। इसी बीच शहजाद ने आरोप लगाया कि गंभीर टीम के माहौल में राजनीति लेकर आए हैं, जिससे टीम की छवि को नुकसान पहुंचा है।

एक कार्यक्रम में बातचीत करते हुए शहजाद ने कहा कि जब कोई व्यक्ति राजनीति में जाता है तो उसका सोचने का तरीका बदल जाता है। उनका इशारा गंभीर के 2019 से 2024 तक पूर्वी दिल्ली से सांसद रहने के दौर की ओर था। शहजाद के मुताबिक, राजनीति का वही प्रभाव अब टीम के अंदर भी दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि इससे भारतीय टीम की छवि प्रभावित हुई है।

कुलदीप को बाहर रखने और टीम चयन पर गंभीर की रणनीति पर उठे सवाल

शहजाद ने टीम चयन पर भी सवाल उठाए। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अहम मुकाबले में अक्षर पटेल की जगह वॉशिंगटन सुंदर को खिलाने के फैसले की काफी आलोचना हुई। कई पूर्व खिलाड़ियों ने भी इस चयन पर हैरानी जताई। शहजाद का मानना है कि टीम के संसाधनों का सही उपयोग नहीं हो रहा है।

उन्होंने खास तौर पर कुलदीप यादव का उदाहरण दिया। कुलदीप को इस टी20 विश्व कप में सिर्फ एक मैच खेलने का मौका मिला है। शहजाद ने कहा कि कुलदीप जैसे मैच विनर गेंदबाज को सही तरीके से इस्तेमाल नहीं किया जा रहा।

उन्होंने यह भी संकेत दिया कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव और कुलदीप के बीच हुई एक घटना की वजह से उन्हें बाहर किया गया हो सकता है हालांकि, दोनों खिलाड़ियों ने बाद में मतभेद की खबरों को खारिज किया था।

शहजाद का कहना है कि टीम के अंदर कुछ न कुछ जरूर चल रहा है, क्योंकि कुलदीप जैसे खिलाड़ी को बाहर रखना समझ से परे है। फिलहाल गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार पर दबाव बढ़ता जा रहा है। भारत को अब अगले मुकाबले में जिम्बाब्वे के खिलाफ जीत दर्ज कर वापसी करनी होगी।

close whatsapp