केएल राहुल की कप्तानी में आईपीएल खेल रहे होते GT के कप्तान हार्दिक पांड्या, खुद किया बड़ा खुलासा - क्रिकट्रैकर हिंदी

केएल राहुल की कप्तानी में आईपीएल खेल रहे होते GT के कप्तान हार्दिक पांड्या, खुद किया बड़ा खुलासा

हार्दिक पांड्या की कप्तानी में गुजरात टाइटंस ने पहले ही सीजन में आईपीएल खिताब अपने नाम किया था।

Hardik Pandya KL Rahul (Photo Source: Twitter)
Hardik Pandya KL Rahul (Photo Source: Twitter)

भारतीय खिलाड़ी हार्दिक पांड्या ने आईपीएल के पिछले सीजन में गुजरात टाइटंस को पहले ही सीजन में चैंपियन बनाया था। आईपीएल के इस सीजन में भी गुजरात टाइटंस शानदार खेल दिखाती हुई नजर आ रही है। पिछले मुकाबले में हार्दिक पांड्या की कप्तानी में टीम ने वापसी करते हुए पंजाब किंग्स के खिलाफ 6 विकेट से जीत हासिल की। इसी बीच गुजरात के कप्तान हार्दिक पांड्या ने खुलासा किया कि लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलने का मौका मिला था।

मुझे लखनऊ सुपर जायंट्स से कॉल आया था- हार्दिक पांड्या

हार्दिक पांड्या और केएल राहुल दोनों ही खिलाड़ियों के बीच काफी अच्छी दोस्ती है। आपको बता दें अगर हार्दिक पांड्या लखनऊ सुपर जायंट्स के ऑफर को स्वीकार कर लेते तो फिर आईपीएल में हार्दिक पांड्या केएल राहुल की कप्तानी में खेलते हुए नजर आते।

हार्दिक पांड्या ने हाल ही में गुजरात टाइटंस पॉडकॉस्ट पर बात करते हुए कहा, ‘मुझे एक दूसरी फ्रेंचाइजी (लखनऊ सुपर जायंट्स) से कॉल आया था। जो आईपीएल में नई फ्रेंचाइजी थी। एक शख्स (केएल राहुल) जिन्हें मैं जानता हूं वह उस टीम के कप्तान थे। मेरे लिए यह बहुत महत्वपूर्ण था जिस मंच पर मैं था।’

‘मैं ऐसे व्यक्ति के साथ खेलने के लिए तैयार था जो मुझे पहले से जानता है। मैंने हमेशा ये पाया है कि जो लोगों मुझे जानते हैं और जिन लोगों से मैं पहले कभी नहीं मिला दोनों ही मेरे बारे में अलग विचार रखते हैं। जब मेरे पास किसी ऐसे व्यक्ति के साथ काम करने का मौका आया जिसे मैं जानता था। तो मैं उस तरफ जाने के लिए उत्साहित था।’

आशीष नेहरा के कारण गुजरात टाइटंस से जुड़े थे हार्दिक

हार्दिक ने फिर इस बात का खुलासा किया कि किस कारण के चलते उन्होंने गुजरात टाइटंस से जुड़ने का फैसला लिया। हार्दिक ने आगे बात करते हुए बताया, ‘लेकिन फिर आशु पा (आशीष नेहरा) ने मुझे कॉल किया था। उस वक्त गुजरात टीम आईपीएल का हिस्सा भी नहीं बनी थी।’

‘उन्होंने कहा मैं टीम का कोच बनने जा रहा हूं। मैं ऐसा था आशु पा अगर आप वहां नहीं होते तो इस पर विचार भी नहीं करता क्योंकि आप कह रहे हैं कि मैंने हमेशा महसूस किया है कि आप ऐसे व्यक्ति हैं, जो समझ गए हैं कि मैं क्या हूं।’

close whatsapp