ग्रोइन इंजरी के चलते इंग्लैंड में खेले जा रहे रॉयल लंदन वनडे कप टूर्नामेंट से बाहर हुए क्रुणाल पांड्या
जुलाई 2021 के बाद से क्रुणाल पांड्या ने भारतीय टीम के लिए एक भी मुकाबला नहीं खेला है।
CricTracker जूनियर स्टाफ लेखिका
अद्यतन - अगस्त 23, 2022 2:27 अपराह्न

भारतीय टीम के ऑलराउंडर खिलाड़ी क्रुणाल पांड्या जो इस समय इंग्लैंड में खेली जा रही घरेलू वनडे टूर्नामेंट रॉयल लंदन वनडे कप में हिस्सा लेने के लिए वारविकशायर की तरफ से खेल रहे थे, वह ग्रोइन इंजरी के चलते अब टूर्नामेंट में आगे नहीं खेल सकेंगे। क्रुणाल को यह चोट पिछले हफ्ते नॉटिंघमशायर के खिलाफ मुकाबले के दौरान लगी थी और उसके बाद से वह मैदान पर नहीं उतर सके हैं।
पिछले 1 साल से क्रुणाल पांड्या को भारतीय टीम की तरफ से लिमिटेड ओवर्स फॉर्मेट में एक भी मुकाबला खेलने का मौका नहीं मिला है। जिसके बाद उन्होंने टीम इंडिया में अपनी फिर से वापसी को लेकर इस टूर्नामेंट में खेलने का फैसला किया था। नॉटिंघमशायर के खिलाफ मुकाबले के दौरान क्रुणाल पांड्या ने 37 रनों की पारी खेली थी।
लेकिन उसके बाद फील्डिंग के समय वह मैदान पर नहीं उतरे वहीं इसके बाद वारिकशायर के अगले 2 मुकाबलों में भी उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया। अब रॉयल लंदन वनडे कप से क्रुणाल पांड्या के पूरी तरह से बाहर होने के बाद अभी तक उनकी टीम वारविकशायर ने रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया है।
क्रुणाल पांड्या को खोना हमारे लिए काफी निराशाजनक है – पॉल फार्ब्रेस
वारविकशायर काउंटी टीम के निदेशक पॉल फार्ब्रेस ने क्रुणाल पांड्या के बाहर होने के बाद अपने दिए बयान में कहा कि, क्रुणाल का टूर्नामेंट के बाकी बचे मैचों से बाहर होना हमारे लिए काफी निराशाजनक है। लेकिन उन्होंने क्लब को अलविदा कहने के साथ अपनी शुभकामनाएं भी हम सभी को दी हैं।
क्रुणाल बाकी खिलाड़ियों के लिए हमारी टीम में एक बेहतर आदर्श के तौर पर थे, जिनसे युवा खिलाड़ियों को काफी कुछ सीखने का भी मौका मिला।
बता दें कि रॉयल लंदन वनडे के इस टूर्नामेंट में क्रुणाल पांड्या को 5 मैच खेलने का मौका मिला जिसमें उन्होंने 33.50 के औसत से 134 रन बनाए। जिसमें उन्होंने द ओवल के मैदान पर सरे के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 74 रनों की शानदार पारी खेली थी।