GT बनाम LSG: विकेटकीपिंग को लेकर हार्दिक पांड्या और अंपायर के बीच हुई बहस, केएस भरत की जगह साहा को ही संभालनी पड़ी यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 227 रन बनाए।
अद्यतन - मई 7, 2023 6:30 अपराह्न

इस समय इंडियन प्रीमियर लीग 2023 का 51वां मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच में खेला जा रहा है। इस जबरदस्त मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 227 रन बनाए। टीम की ओर से विकेटकीपर-बल्लेबाज रिद्धिमान साहा ने 43 गेंदों में 10 चौके और चार छक्कों की मदद से 41 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उनके अलावा युवा बल्लेबाज शुभमन गिल ने 51 गेंदों में 2 चौके और 7 छक्कों की मदद से 94* रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली।
हालांकि पहली पारी के समाप्त होने के बाद जब गुजरात टाइटंस के खिलाड़ी फिर से मैदान पर उतरे तो कप्तान हार्दिक पांड्या और ऑन फील्ड अंपायर के बीच में किसी चीज को लेकर काफी देर तक बातचीत होती रही। दरअसल गुजरात टीम चाहती थी कि रिद्धिमान साहा की जगह सब्सीट्यूट के तौर पर केएस भरत विकेटकीपिंग करें लेकिन ऑन फील्ड अंपायर ने ऐसा करने नहीं दिया।
हालांकि इसके बाद रिद्धिमान साहा को वापस मैदान पर उतरना पड़ा क्योंकि अंपायर ने हार्दिक पांड्या को इस चीज के लिए मना कर दिया था कि दूसरी पारी में सब्सीट्यूट के रूप में केएस भरत विकेटकीपिंग नहीं कर सकते।
लखनऊ सुपर जायंट्स को यह मैच जीतने के लिए 228 रनों की जरूरत
हालांकि जैसे ही दूसरा ओवर खत्म हुआ रिद्धिमान साहा मैदान छोड़कर चले गए और उनकी जगह विकेटकीपर के रूप में केएस भरत ने जगा ली।
गुजरात टाइटंस की ओर से कप्तान हार्दिक पांड्या ने 25 रन की पारी खेली जबकि डेविड मिलर ने 21* रनों का योगदान दिया। LSG की ओर से मोहसिन खान और आवेश खान ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। बता दें, इस समय गुजरात टाइटंस इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के अंक तालिका में पहले स्थान पर है। उन्होंने अभी तक इस सीजन में 10 मुकाबले खेले हैं जिसमें से 7 में टीम ने जीत दर्ज की है जबकि 3 में उनको हार का सामना करना पड़ा है।
लखनऊ सुपर जायंट्स की बात की जाए तो वो इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के अंक तालिका में इस समय तीसरे पायदान पर हैं। उन्होंने 10 मुकाबलों में 5 में जीत दर्ज की है जबकि 4 में टीम को हार का सामना करना पड़ा। एक मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया था।