लीजेंड्स लीग क्रिकेट में वीरेंद्र सहवाग के साथ ओपनिंग करते हुए दिखाई देंगे क्रिस गेल - क्रिकट्रैकर हिंदी

लीजेंड्स लीग क्रिकेट में वीरेंद्र सहवाग के साथ ओपनिंग करते हुए दिखाई देंगे क्रिस गेल

क्रिस गेल ने वेस्टइंडीज की ओर से 103 टेस्ट, 301 वनडे और 79 टी-20 मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्होंने क्रमश 7215, 10480 और 1899 रन बनाए हैं।

Chris Gayle of West Indies hits 6. (Photo by RANDY BROOKS/AFP via Getty Images)
Chris Gayle of West Indies hits 6. (Photo by RANDY BROOKS/AFP via Getty Images)

लीजेंड्स लीग क्रिकेट (LLC) में अडाणी स्पोर्ट्सलाइन के स्वामित्व वाली गुजरात जायंट्स ने 3 सितंबर को टी20 क्रिकेट के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल को अपनी टीम के लिए चुना है। 16 सितंबर से कोलकाता के ईडन गार्डंस में शुरू हो रही LLC में क्रिस गेल को वीरेंद्र सहवाग के साथ ओपनिंग करते हुए देखा जाएगा।

ड्राफ्ट नियम के अनुसार, सभी फ्रेंचाइजियों के पास 3 दिन का समय था और वो इतने समय में अपनी टीम में किसी भी दिग्गज खिलाड़ी को शामिल कर सकती थी। जायंट्स ने शुक्रवार (2 सितंबर) को वर्चुअल ड्राफ्ट के दौरान 15 दिग्गज खिलाड़ियों को खरीदने के लिए 5,51,80,000 रुपये खर्च किए थे और उनके पास अपनी टीम को अंतिम रूप देने के लिए 2,48,20,000 रुपये बचे थे।

हम सब काफी खुश हैं कि क्रिस गेल गुजरात जायंट्स की ओर से खेलने के लिए हामी भर चुके हैं: रमन रहेजा

लीजेंड्स लीग क्रिकेट के सह संस्थापक और सीईओ रमन रहेजा ने कहा कि, ‘शुक्रवार के ड्राफ्ट के बाद, गुजरात जायंट्स ने स्पष्ट रूप से क्रिस गेल को अपने टीम में शामिल करने की इच्छा जताई है। हमने चर्चा की और क्रिस गेल से बातचीत की, हमें खुशी है कि गेल अडानी स्पोर्ट्सलाइन टीम के लिए खेलते हुए दिखाई देंगे।’

बता दें, क्रिस गेल ने सिर्फ टी-20 में ही नहीं बल्कि बाकी 2 प्रारूपों में भी कमाल का प्रदर्शन किया है। उनके नाम कई रिकॉर्ड्स दर्ज हैं। अगर आंकड़ों की बात की जाए तो क्रिस गेल ने वेस्टइंडीज की ओर से 103 टेस्ट, 301 वनडे और 79 टी-20 मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्होंने क्रमश 7215, 10480 और 1899 रन बनाए हैं। टेस्ट क्रिकेट में उनका सर्वाधिक स्कोर 333 का है, वनडे में 215 का और टी-20 में 117 का।

अब तमाम लोग इस टूर्नामेंट में दो विस्फोटक बल्लेबाजों को एक साथ ओपनिंग करते हुए देखेंगे। वेस्टइंडीज के क्रिस गेल और भारत के वीरेंद्र सहवाग दोनों ही काफी आक्रामक बल्लेबाज हैं और उन्होंने कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किए हैं।

गुजरात जायंट्स की टीम:

वीरेंद्र सहवाग (कप्तान), पार्थिव पटेल, क्रिस गेल, एल्टन चिगुंबुरा, क्रिस ट्रेमलेट, रिचर्ड लेवी, ग्रीम स्वान, जोगिंदर शर्मा, अशोक डिंडा, डैनियल विटोरी, केविन ओ’ब्रायन, स्टुअर्ट बिन्नी, मिशेल मैक्लेनाघन, लेंडल सिमंस, मनविंदर बिस्ला, अजंता मेंडिस

close whatsapp