भारतीय टीम के युवा ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी ने इस बात का खुलासा किया कि उनका बचपन से सपना था कि विराट कोहली उनकी प्रशंसा करें। बता दें कि, इस समय टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथा टेस्ट मैच मेलबर्न के मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेल रही है।
Advertisement
Advertisement
इस शानदार मुकाबले में नीतीश कुमार रेड्डी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण शतक जड़ा। नीतीश कुमार रेड्डी ने इस मुकाबले में 11 चौके और 1 छक्के की मदद से 114 रनों की जबरदस्त पारी खेली।
वहीं तीसरे दिन खेल खत्म होने के बाद नीतीश कुमार रेड्डी ने इस बात का खुलासा किया कि ड्रेसिंग रूम में विराट कोहली ने उनके शतक की काफी तारीफ की। यही नहीं नीतीश ने यह भी कहा कि स्टार खिलाड़ी ने उनसे बोला कि उनकी पारी की वजह से टीम ने मैच में बेहतरीन वापसी की है।
युवा ऑलराउंडर ने कहा कि, ‘विराट कोहली को मैं बचपन से ही खेलते हुए देख रहा हूं और वह मेरे आदर्श रहे हैं। मुझे इस बात की भी खुशी है कि मैं उनके साथ खेल रहा हूं। जब कोहली ने शतक जड़ा, तब मैं नॉन स्ट्राइकर एंड पर खड़ा हुआ था। मैं बहुत ही खुश हुआ। यही नहीं मैंने भी शतक बनाया और उन्होंने मेरी तारीफ की। वो मेरे पास आए और कहा कि मेरे शतक की वजह से ही टीम ने मैच में वापसी की। इस लम्हे के लिए मैंने हमेशा ही सपना देखा था और काफी अच्छा लग रहा है कि उन्होंने मेरे लिए इतना कुछ बोला।’
सिराज के अंतिम गेंद पर डिफेंस के बाद दर्शक पूरी तरह से पागल हो गए थे: नीतीश कुमार रेड्डी
युवा खिलाड़ी ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा कि, ‘जैसे ही सिराज ने अंतिम गेंद को डिफेंड किया तमाम दर्शक खुशी से पागल हो गए थे। यहां तक कि जब मैंने भी शतक बनाया, तब भी इतनी तेज आवाज नहीं आ रही थी। जिस तरीके से सिराज ने बल्लेबाजी की मैं उनका शुक्रिया कहना चाहूंगा कि उनकी वजह से ही मैंने अपना शतक पूरा किया।’
चौथे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी में 9 विकेट खोकर 228 रन बना लिए हैं और टीम इंडिया के खिलाफ 333 रनों की बढ़त बना ली है। खेल का पांचवा और अंतिम दिन काफी रोमांचक होने वाला है।