वसीम जाफर ने खास सुझाव के साथ केकेआर के नए कोच चंद्रकांत पंडित को दी बधाई
वसीम जाफर ने चंद्रकांत पंडित को लेकर केकेआर के खिलाड़ियों को अहम सलाह दी।
अद्यतन - Aug 18, 2022 12:32 pm

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने 17 अगस्त को आगामी सीजन से पहले चंद्रकांत पंडित को अपना नया मुख्य कोच नियुक्त किया है। चंद्रकांत पंडित ने केकेआर (KKR) के कोच के रूप में ब्रेंडन मैकुलम की जगह ली, जिन्होंने कुछ महीनो पहले इंग्लैंड की टेस्ट टीम के मुख्य कोच का पद संभाला।
वह आईपीएल (IPL) में सहायक कोच के रूप में काम करने के इच्छुक नहीं थे, लेकिन मुख्य कोच की भूमिका मिलते ही, उन्होंने केकेआर (KKR) का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया। भारत के पूर्व कीपर-बल्लेबाज ने हाल ही में मध्य प्रदेश को अपना पहला रणजी ट्रॉफी का खिताब जीतने में मदद की थी। वह भारत में घरेलू क्रिकेट में सबसे सफल कोचों में से एक है, जिनके नाम बतौर कोच अब तक 6 रणजी ट्रॉफी खिताब है।
चंद्रकांत पंडित के केकेआर से जुड़ने पर वसीम जाफर ने दी बधाई
आपको बता दें, चंद्रकांत पंडित ने साल 1986 से 1992 तक भारत के लिए 5 टेस्ट और 36 वनडे मैच खेले। सेवानिवृत्ति के बाद, उन्होंने विभिन्न टीमों के साथ बतौर कोच काम किया और उनके मार्गदर्शन में, मुंबई (2003 और 2004) और विदर्भ (2018 और 2019) दोनों ने बैक-टू-बैक रणजी ट्रॉफी खिताब जीते।
इस बीच, पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर वसीम जाफर ने चंद्रकांत पंडित को केकेआर (KKR) के मुख्य कोच के रूप में नियुक्ति किए जाने पर बधाई दी। उन्होंने ट्विटर पर केकेआर (KKR) के नए मुख्य कोच के लिए उनकी कोचिंग स्टाइल पर एक संदेश भी साझा किया है।
वसीम जाफर ने ट्विटर पर केकेआर (KKR) की पोस्ट साझा करते हुए कैप्शन में लिखा: “चंदू भाई को ढेर सारी शुभकामनाएं! उनकी कोचिंग शैली से अपरिचित केकेआर के खिलाड़ियों को मेरा सुझाव है कि वे बॉलीवुड फिल्म ‘चक दे इंडिया’ में शाहरुख खान की कोचिंग को करीब से देखे, जिससे उन्हें नए कोच को समझने में मदद मिलेगी।”
Happy for Chandu bhai! To the KKR players unfamiliar with his coaching style, I'd suggest watching @iamsrk in Chak de India will help 😉 #IPL https://t.co/myaxTQyzUe
— Wasim Jaffer (@WasimJaffer14) August 17, 2022
चंद्रकांत पंडित ने केकेआर (KKR) से जुड़ने पर कहा: “यह जिम्मेदारी दिया जाना एक बड़े सम्मान और सौभाग्य की बात है। मैं पूरी विनम्रता और सकारात्मक उम्मीदों के साथ इस अवसर को लेकर उत्साहित हूं।”