लीजेंड्स लीग क्रिकेट के दूसरे संस्करण में हरभजन सिंह और इरफान पठान को इन दो फ्रेंचाइजी टीमों की सौंपी गई कप्तानी, 16 सितंबर से शुरू हो रहा है टूर्नामेंट - क्रिकट्रैकर हिंदी

लीजेंड्स लीग क्रिकेट के दूसरे संस्करण में हरभजन सिंह और इरफान पठान को इन दो फ्रेंचाइजी टीमों की सौंपी गई कप्तानी, 16 सितंबर से शुरू हो रहा है टूर्नामेंट

भारतीय टीम के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह को मणिपाल समूह के स्वामित्व वाली मणिपाल टाइगर्स का कप्तान नियुक्त किया गया है जबकि पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान एलएनजे भीलवाड़ा समूह की भीलवाड़ा किंग टीम की कप्तानी करेंगे।

harbhajan singh and irfan pathan (source-twitter)
harbhajan singh and irfan pathan (source-twitter)

लीजेंड्स लीग क्रिकेट (LLC) टूर्नामेंट की आखिरी 2 फ्रेंचाइजी टीमों ने अपने कप्तानों की घोषणा कर दी है। भारतीय टीम के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह को मणिपाल समूह के स्वामित्व वाली मणिपाल टाइगर्स का कप्तान नियुक्त किया गया है जबकि पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान एलएनजे भीलवाड़ा समूह की भीलवाड़ा किंग टीम की कप्तानी करेंगे।

एक तरफ जहां हरभजन सिंह अपनी स्पिन गेंदबाजी से विरोधी टीम को परेशान करते हुए दिखेंगे, वहीं दूसरी ओर इरफान पठान अपनी स्विंग गेंदबाजी से दिग्गज खिलाड़ियों का विकेट चटकाते हुए दिखेंगे। बता दें, हरभजन सिंह पहले भारतीय ऑफ़ स्पिनर हैं जिन्होंने 400 विकेट हासिल किए हैं। उन्होंने भारत की ओर से 28 टी20, 103 टेस्ट और 236 वनडे मुकाबले खेले हैं।

मैं अपनी तरफ से शत-प्रतिशत दूंगा और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाऊंगा: हरभजन सिंह

मणिपाल टाइगर्स के कप्तान हरभजन सिंह ने कहा कि, ‘मैदान में फिर से उतरकर काफी अच्छा लग रहा है। मैंने इन तमाम बेहतरीन खिलाड़ियों के साथ पहले भी खेला है और अब एक और बार इनके साथ खेलने में मजा आएगा। मैं इस टूर्नामेंट का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। एक खिलाड़ी के रूप में मैंने कभी किसी टीम की कप्तानी नहीं की है और इस नई भूमिका को निभाने के लिए मैं पूरी तरह से तैयार हूं। मैं अपनी तरफ से शत-प्रतिशत दूंगा और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाऊंगा।’

इरफान पठान ने सिर्फ अपनी गेंदबाजी से ही नहीं बल्कि बल्लेबाजी से भी भारतीय टीम को कई मुकाबलों में जीत दिलाई है। इरफान पठान को हमेशा बेहतरीन ऑलराउंडर माना गया है। ICC वर्ल्ड कप 2007 के फाइनल मुकाबले में उन्होंने ‘मैन ऑफ द मैच’ अवार्ड अपने नाम किया था।

इरफान पठान ने कहा कि, ‘आप जो भी कर रहे हैं उसका पूरा लुफ्त उठाना चाहिए। मैं अपनी टीम की ओर से शत-प्रतिशत देने के लिए तैयार हूं। मेरे लिए यह एक नई चुनौती है लेकिन मैं इसपर पूरा खरा उतरना चाहूंगा।

पहली बार भारत में खेला जा रहा लीजेंड्स लीग क्रिकेट टूर्नामेंट

लीजेंड्स लीग क्रिकेट के सह संस्थापक और सीईओ रमन रहेजा ने कहा कि, ‘अभी हाल ही में वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर को गुजरात जायंट्स और इंडिया कैपिटल्स का कप्तान नियुक्त किया है। अब हरभजन सिंह और इरफान पठान को मणिपाल टाइगर्स और भीलवाड़ा किंग टीम का कप्तान बनाया गया है। सभी खिलाड़ी मैदान पर उतरेंगे और उम्मीद लगाई जा सकती है कि सभी मुकाबले पैसा वसूल होंगे।

बता दें, यह टूर्नामेंट पहली बार भारत में होने जा रहा है। यह लीग 16 सितंबर से शुरू होगी और इसका पहला मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डंस में खेला जाएगा। कोलकाता के अलावा लखनऊ, नई दिल्ली, कटक और जोधपुर में मुकाबले खेले जाएंगे।

close whatsapp