हरभजन सिंह ने भारत के टी-20 वर्ल्ड कप 2022 स्क्वॉड में इस युवा खिलाड़ी को शामिल करने की मांग की - क्रिकट्रैकर हिंदी

हरभजन सिंह ने भारत के टी-20 वर्ल्ड कप 2022 स्क्वॉड में इस युवा खिलाड़ी को शामिल करने की मांग की

टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए भारत का स्क्वॉड 12 सितंबर को घोषित किया जाएगा।

image credit-Getty images
image credit-Getty images

श्रीलंका की पाकिस्तान के खिलाफ खिताबी जीत के साथ एशिया कप 2022 का समापन 11 सितंबर को हो चूका है। अब सभी टीमों का फोकस आगामी आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 की ओर परिवर्तित हो गया है, जिसका आगाज ऑस्ट्रेलिया में 13 अक्टूबर से होने जा रहा है।

चूंकि भारत का हालिया एशिया कप 2022 में प्रदर्शन निराशाजनक रहा, इसलिए सभी की आंखे कथित तौर पर टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए 12 सितंबर को घोषित होने वाले स्क्वॉड पर होगी। इस बीच, पूर्व भारतीय ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने कहा कि उमरान मलिक आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में भारत के लिए तुरुप का इक्का साबित हो सकता है। वह साफ तौर पर युवा तेज गेंदबाज को भारत के स्क्वॉड में शामिल करने की मांग कर रहे हैं।

हरभजन सिंह उमरान मलिक को भारत के टी-20 वर्ल्ड कप 2022 स्क्वॉड में देखना चाहते हैं

पूर्व क्रिकेटर का मानना है कि उमरान मलिक उछाल वाली ऑस्ट्रेलियाई पिचों पर भारत के लिए मददगार साबित हो सकता है। हालांकि, युवा तेज गेंदबाज के भारत के स्क्वॉड में शामिल किए जाने की संभावनाएं कम है, क्योंकि उन्हें इंग्लैंड दौरे के बाद टीम इंडिया में मौका नहीं दिया गया, और ना ही एशिया कप 2022 के लिए चुना गया था।

हरभजन सिंह ने ट्विटर पर लिखा: “आज भारत के लिए घोषित होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप 2022 टीम में मिस्टर 150 उमरान मलिक को कौन देखना चाहता है?? क्या वह ऑस्ट्रेलिया की उन उछाल वाली पिचों पर हमारे लिए हुकुम का इक्का साबित हो सकता है…क्या सोच रहे हैं आप?”

आपको बता दें, उमरान मलिक ने अब तक भारत के लिए तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जहां वह बेहद महंगे साबित हुए और केवल दो विकेट ले पाए। हालांकि, जम्मू और कश्मीर के युवा तेज गेंदबाज ने आईपीएल 2022 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के लिए बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 14 मैचों में 22 विकेट लिए थे।

close whatsapp