पाकिस्तान ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम को हरभजन सिंह देना चाह रहे थे ढेर सारी शुभकामनाएं, लेकिन हो गई पूर्व स्पिनर से बड़ी गलती
अरशद नदीम ने 8 अगस्त को पेरिस ओलंपिक 2024 के जैवलिन थ्रो के फाइनल इवेंट में गोल्ड मेडल अपने नाम किया जबकि नीरज चोपड़ा ने रजत पदक जीता।
अद्यतन - अगस्त 9, 2024 7:09 अपराह्न

भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने हाल ही में पाकिस्तान के नए ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम के फेक ‘X’ अकाउंट पर रिएक्ट कर दिया है। बता दें, इस फेक अकाउंट में अरशद नदीम और भारत के नीरज चोपड़ा की साथ में तस्वीर को साझा किया गया था, जिस पर हरभजन सिंह ने दोनों की प्रशंसा करते हुए रिएक्ट किया।
बता दें कि अरशद नदीम ने 8 अगस्त को पेरिस ओलंपिक 2024 के जैवलिन थ्रो के फाइनल इवेंट में गोल्ड मेडल अपने नाम किया, जबकि नीरज चोपड़ा ने रजत पदक जीता। इसके बाद अरशद नदीम दुनिया भर में ट्रेंड करने लगे।
इस बीच अरशद नदीम के फेक ‘X’ अकाउंट से नीरज के साथ की तस्वीर को साझा किया गया और साथ में कैप्शन लिखा गया कि, ‘हम लोग हमेशा Natural दोस्त रहेंगे।’ इस पर हरभजन सिंह ने रिएक्ट कर दिया और उन्होंने इसे रीट्वीट करते हुए लिखा, ‘अरशद आपको मुबारक हो। बहुत ही अच्छी तस्वीर है। खेल हमेशा सबको एक साथ जोड़ता है।’
इसके बाद क्या था? हरभजन सिंह फैन्स के निशाने पर आ गए और उन्होंने सोशल मीडिया पर पूर्व भारतीय स्पिनर को ट्रोल करना शुरू कर दिया।
यह रहा हरभजन सिंह का ट्वीट:
Congratulations Arshad.. Great picture ❤️ Sports unite Everyone ❤️ @ArshadOlympian1 https://t.co/afyJOffWnI
— Harbhajan Turbanator (@harbhajan_singh) August 9, 2024
वहीं पेरिस ओलंपिक 2024 में रजत पदक जीतने के बाद नीरज चोपड़ा ने ANI को बताया कि, ‘आज का दिन अरशद का था। मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिया, लेकिन अभी भी कुछ ऐसी चीजें हैं जो मुझे और बेहतर करने की जरूरत है। हमें हमेशा ही काफी अच्छा लगता है, जब खिलाड़ी देश के लिए मेडल जीतता है। अब अपने खेल को और बेहतर करने की जरूरत है।’
नीरज चोपड़ा और अरशद नदीम आपस में काफी अच्छे दोस्त रहे हैं। दोनों ही एक दूसरे का काफी सम्मान करते हैं और दोनों ही एथलीट को एक-दूसरे की हमेशा जमकर तारीफ करते हुए देखा गया है। पेरिस ओलंपिक 2024 के जैवलिन थ्रो इवेंट के बाद नीरज चोपड़ा की मां ने ANI से कहा कि, ‘हम लोग रजत पदक से खुश हैं। एक जिसने गोल्ड (अरशद नदीम) जीता है, वो भी मेरा बेटा है।’