दिल्ली टेस्ट मैच खत्म हुए दो दिन हो गए लेकिन हरभजन सिंह अभी भी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों का मजाक उड़ा रहे हैं
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच 1 मार्च से इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा।
अद्यतन - फरवरी 21, 2023 6:47 अपराह्न

ऑस्ट्रेलिया को भारत के खिलाफ दोनों टेस्ट मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। लगातार खराब प्रदर्शन करने की वजह से सोशल मीडिया पर ऑस्ट्रेलियाई टीम को जमकर ट्रोल किया जा रहा है। इसी क्रम में पूर्व खिलाड़ी हरभजन सिंह ने ऑस्ट्रेलिया के शर्मनाक प्रदर्शन पर बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि ऑस्ट्रेलिया टीम डुप्लीकेट टीम है और अगर यह सीरीज 10 मैचों की होती तब भी भारत इसको 10-0 से जीत दर्ज करता।
ये सिर्फ आउट होने का अभ्यास करके आए हैं- हरभजन सिंह
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पिछले दो टेस्ट मैचों की बात करें तो ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्पिनर्स को पढ़ने में नाकाम रहे हैं। दूसरे टेस्ट मैच में रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन ने अपनी शानदार गेंदबाजी से कंगारूओं को दूसरी इनिंग में 113 रनों पर ऑल आउट कर दिया था। हरभजन सिंह के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया खेल को छोड़ पिच और बाकी बातों पर ध्यान लगाती रह गई और टीम का प्रदर्शन खराब होता चला गया।
हरभजन सिंह ने स्पोर्ट्स तक पर बात करते हुए कहा, ‘ऑस्ट्रेलिया ने रविचंद्रन अश्विन के डुप्लीकेट के खिलाफ अभ्यास किया, लेकिन मुझे लगता है कि ऑस्ट्रेलियाई टीम खुद डुप्लीकेट है। इनकी मानसिकता ऐसी होती है कि ये केवल नकारात्मक चीजों पर ध्यान दे रहे होते हैं। उन्होने इतना भम्र पैदा किया कि पहली गेंद फेंके जाने से पहले ही वे मैच हार गए। ऐसा नहीं लगता है कि उन्होने दौरे के लिए तैयारी की है। उनके प्रदर्शन को देखते हुए मुझे लगता है कि उन्होने केवल आउट होने का अभ्यास किया था।’
10 मैच की सीरीज होती तब भी भारत जीतती- हरभजन सिंह
भारत पहले दो टेस्ट मैच जीतकर सीरीज में 2-0 की बढ़त बना चुका है। क्रिकेट एक्सपर्ट का मानना है कि भारतीय टीम इस सीरीज को 4-0 से अपने नाम करेगी। हरभजन सिंह का कहना है कि अगर यह सीरीज 10 मैचों की भी होती तब भी भारत इसे 10-0 से अपने नाम करती।
हरभजन सिंह ने स्पोर्ट्स तक पर बात करते हुए आगे कहा, ‘इसमें कोई संदेह नहीं है कि भारत 4-0 से जीतेगा। अगर यह मैच 10 मैचों की सीरीज होती तो भी भारत ऑस्ट्रेलिया को 10-0 से हरा देता। क्योंकि ऑस्ट्रेलिया के पास फायरपावर नहीं है। पिच पर कुछ होता है तो वे अपना विकेट ड्रेसिंग रूम से ही फेंक देते हैं।’