IPL नजदीक आते ही दूर हुए हार्दिक पांड्या के सभी दर्द, शुरू कर दी नेट्स में गेंदबाजी
हार्दिक पांड्या ने इस वीडियो के कैप्शन में लिखा है, 'हर एक दिन मैं अपना शत प्रतिशत दे रहा हूं।'
अद्यतन - Jan 27, 2024 8:01 pm

भारतीय टीम के अनुभवी ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या क्रिकेट फील्ड में वापसी करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। हार्दिक पांड्या ने आज यानी 27 जनवरी को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा की है जिसमें देखा जा सकता है कि वो अब पूरी तरह से फिट है और जल्द ही क्रिकेट फील्ड में वापसी कर सकते हैं।
बता दें, हार्दिक पांड्या आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 के बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए लीग मुकाबले में चोटिल हो गए थे। वो बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए मुकाबले में गेंदबाजी के दौरान चोटिल हुए थे जिसके बाद वो पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। यही नहीं हार्दिक पांड्या ने आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 के बांग्लादेश के खिलाफ मैच के बाद एक भी मुकाबला नहीं खेला।
तमाम फैंस यही दुआ कर रहे थे की हार्दिक पांड्या जल्द से जल्द पूरी तरह से ठीक हो जाए और इस वीडियो को देखकर ऐसा कहा जा सकता है कि हार्दिक पांड्या आगामी इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में खेलते हुए नजर आ सकते हैं।
हार्दिक पांड्या ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की अपने अभ्यास की वीडियो:
Giving it all I got, every single day ✌️💥 pic.twitter.com/hYwk7oNOoL
— hardik pandya (@hardikpandya7) January 27, 2024
हार्दिक पांड्या ने इस वीडियो के कैप्शन में लिखा है, ‘हर एक दिन मैं अपना शत प्रतिशत दे रहा हूं।’
बता दें, आगामी इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे। यही नहीं मुंबई फ्रेंचाइजी ने हार्दिक पांड्या को रोहित शर्मा की जगह आगामी सीजन में अपनी टीम का कप्तान भी नियुक्त किया है। हार्दिक पांड्या भारतीय टीम के महत्वपूर्ण खिलाड़ियों में से एक रहे हैं। सिर्फ बल्लेबाजी से ही नहीं बल्कि गेंदबाजी से भी हार्दिक पांड्या अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाने में सक्षम है।
इस साल टी20 वर्ल्ड कप भी खेला जाना है और भारतीय टीम इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट की ट्रॉफी को अपने नाम जरुर करना चाहेगी। हार्दिक पांड्या आगामी टूर्नामेंट में अपनी छाप जरूर छोड़ना चाहेंगे। हालांकि उनका फॉर्म इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में जरूर देखा जाएगा।