चैंपियंस ट्राॅफी से पहले टीम इंडिया के लिए खुशखबरी! घरेलू 50 ओवर क्रिकेट में हुई हार्दिक पांड्या की वापसी  - क्रिकट्रैकर हिंदी

चैंपियंस ट्राॅफी से पहले टीम इंडिया के लिए खुशखबरी! घरेलू 50 ओवर क्रिकेट में हुई हार्दिक पांड्या की वापसी 

वर्ल्ड कप 2023 में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे मैच के बाद से हार्दिक ने कोई भी 50 ओवर गेम नहीं खेला है।

Hardik Pandya (Photo Source: Getty Images)
Hardik Pandya (Photo Source: Getty Images)

चैंपियंस ट्राॅफी 2025 के शुरू होने से पहले भारतीय क्रिकेट फैंस और टीम इंडिया के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। बता दें कि इस मल्टीनेशन टूर्नामेंट से पहले दिग्गज ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) की घरेलू 50 ओवर क्रिकेट में वापसी हो गई है।

ताजा मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो उन्हें 21 दिसंबर से जारी विजय हजारे ट्राॅफी टूर्नामेंट 2024-25 के लिए बड़ौदा टीम में शामिल कर लिया गया है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो वह 28 दिसंबर को ग्रुप ई में शामिल बड़ौदा के लिए बंगाल के खिलाफ मैच खेलते हुए नजर आ सकते हैं। हार्दिक को बड़ौदा वनडे टीम में शामिल करने की जानकारी टाइम्स ऑफ इंडिया (TOI) के खेल पत्रकार साहिल मलहोत्रा ने दी है।

SMAT में बड़ौदा के लिए खेले थे हार्दिक

लेकिन आपकी जानकारी के लिए बता दें कि हाल में ही हार्दिक पांड्या सैयद मुश्ताक अली ट्राॅफी (SMAT) में बड़ौदा के लिए क्रिकेट खेलते हुए नजर आए थे। लेकिन उन्होंने 19 अक्टूबर, 2023 के बाद से कोई भी 50 ओवर गेम नहीं खेला है। वह आखिरी बार बांग्लादेश के खिलाफ वनडे क्रिकेट में खेलते हुए नजर आए थे।

वहीं इससे पहले बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) के एक सदस्य किरण मोरे ने क्रिकबज के हवाले से कहा- वह (हार्दिक पांड्या) नॉकआउट मैचों से हमारे लिए खेलेंगे, उन्होंने हमें सूचित कर दिया है। लेकिन अब वह नाॅक-आउट मैचों से पहले ही बड़ौदा के लिए वनडे क्रिकेट में एक्शन में नजर आ सकते हैं। ऐसे में हार्दिक आगामी टूर्नामेंट के लिए खुद को फिट साबित कर चयन के लिए उपलब्ध रखना चाहते हैं।

साथ ही अगले साल फरवरी में शुरू होने वाली चैंपियंस ट्राॅफी 2025 को ध्यान में रखते हुए हार्दिक का इस टूर्नामेंट में खेलना टीम इंडिया के नजरिए से काफी अहम होने वाला है। देखने लायक बात होगी कि अगर उन्हें बड़ौदा की टीम से खेलने का मौका मिलता है, तो वह VHT में कैसा प्रदर्शन करने वाले हैं?

close whatsapp