फ्रेंचाइजी क्रिकेट से क्यों दूर रहते हैं हैरी ब्रूक? खुद कर दिया बड़ा खुलासा
आइए जानते हैं इस कारण के बारे में
अद्यतन - सितम्बर 20, 2026 1:17 अपराह्न

टी20 क्रिकेट में शानदार फाॅर्म होने के बावजूद, इंग्लैंड के धाकड़ बल्लेबाज व सीमित ओवरों के फुल टाइम कप्तान हैरी ब्रूक (Harry Brook) ने इन दिनों फ्रेंचाइजी क्रिकेट से दूरी बना रखी है। हालांकि, वह इंग्लैंड की घरेलू फ्रेंचाइजी टी20 प्रतियोगिता मैन्स द हंड्रेड में हिस्सा जरूर लेते हैं।
इंग्लैंड की कप्तानी करते हुए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में शतक लगाने वाले एकमात्र कप्तान हैरी ब्रूक ने बीते समय में बिग बैश लीग, पाकिस्तान सुपर लीग और आईपीएल में एक सीजन में हिस्सा लिया है। आईपीएल 2025 ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 6.25 करोड़ रुपए की बड़ी कीमत देकर अपने साथ जोड़ा, लेकिन उन्होंने टूर्नामेंट से अपना नाम वापिस ले लिया।
फलस्वरूप उनपर आईपीएल में खेलने से दो साल का बैन लग गया। हालांकि, वह आईपीएल 2027 के दौरान होने वाले ऑक्शन के लिए खुद को उपलब्ध करा सकते हैं, लेकिन हाल में ही उन्होंने जो बयान दिया है, उसके बाद लगता है कि इस बात की संभावना बहुत ही कम है।
इस वजह से फ्रेंचाइजी क्रिकेट कम खेलते हैं हैरी ब्रूक
श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में 170 रन बनाकर ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ रहे हैरी ब्रूक ने पोस्ट मैच के दौरान कहा “मैंने कई बार कहा है कि मैं इंग्लैंड के लिए ज्यादा से ज्यादा क्रिकेट खेलना चाहता हूं। यही मेरी मुख्य प्राथमिकता है, इसीलिए मैं ‘द हंड्रेड’ के अलावा कोई फ्रेंचाइजी क्रिकेट नहीं खेलता। तो हां, मेरा मेन फोकस यही है, इंग्लैंड के लिए जितना हो सके फिट और तैयार रहने की कोशिश करना।”
ब्रूक ने आगे श्रीलंका के खिलाफ 3-0 से जीत पर अपना पक्ष रखा और कहा “मुझे लगता है कि इस सीरीज में हर किसी ने अच्छा प्रदर्शन किया है, खासकर उन खिलाड़ियों ने जिन्हें ज्यादा खेलने का मौका नहीं मिला था। उदाहरण के लिए, सोनी बेकर का दो मैचों में पावरप्ले के दौरान तीन ओवर फेंकना एक शानदार उपलब्धि है। पावरप्ले में ज्यादा रन न देना और साथ ही विकेट भी लेना वाकई प्रभावशाली है।”
“लियाम डॉसन ने भी शानदार प्रदर्शन किया, और जोस बटलर ने भी। मैं पूरी टीम के बारे में बात कर सकता हूं, लेकिन हां, हम हालात के हिसाब से बहुत अच्छी तरह ढल रहे हैं। हर मैच थोड़ा अलग रहा है, और हम हालात के अनुसार बहुत अच्छा खेल रहे हैं।”
ये भी पढ़ें- स्मृति मंधाना को पछाड़ शेफाली वर्मा बनीं WT20Is में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाली भारतीय बल्लेबाज