न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज में मानव सुथार के ना चुने जाने पर भड़के चेतेश्वर पुजारा, चयन पर उठाए सवाल
मानव सुथार को टीम में जगह नहीं मिलने पर पुजारा ने हैरानी जताई
अद्यतन - अक्टूबर 18, 2026 6:07 अपराह्न

भारत और न्यूजीलैंड के बीच 19 नवंबर 2026 से दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। इसके लिए बीसीसीआई ने 16 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान किया है। शुभमन गिल को कप्तान और केएल राहुल को उपकप्तान बनाया गया है। हालांकि, युवा स्पिनर मानव सुथार को टीम में जगह नहीं मिली है, जिस पर पूर्व भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने नाराजगी जताई है।
मानव सुथार के चयन पर पुजारा ने उठाए सवाल
स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत के दौरान पुजारा ने कहा कि मानव सुथार को न्यूजीलैंड दौरे के लिए टीम में शामिल किया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि मानव सुथार को टेस्ट टीम का हिस्सा होना चाहिए था। उनका नाम टीम में नहीं होना हैरान करने वाला है। भले ही उन्हें दोनों मैच खेलने का मौका नहीं मिलता, लेकिन उन्हें टीम से बाहर नहीं रखना चाहिए था। पुजारा के मुताबिक, सुथार को 17वें खिलाड़ी के रूप में भी टीम के साथ भेजा जा सकता था।’
मानव सुथार ने जून 2026 में अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक तीन टेस्ट मैचों में 23 विकेट हासिल किए हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ उन्होंने 7 विकेट लिए थे, जबकि श्रीलंका के खिलाफ दो मुकाबलों में 10 और छह विकेट अपने नाम किए। पुजारा ने कहा कि सुथार काफी रणजी ट्रॉफी मैच खेल चुके हैं। अब उन्हें विदेशी परिस्थितियों में गेंदबाजी करने का अनुभव मिलना चाहिए।
ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले अनुभव जरूरी
पुजारा का मानना है कि भारत को आगे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टेस्ट मैच खेलने हैं। ऐसे में सुथार महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय टीम न्यूजीलैंड का दौरा कम करती है। इसलिए, युवा खिलाड़ियों के लिए वहां खेलने और सीखने का मौका काफी महत्वपूर्ण होता है।
वहीं, चयनकर्ताओं ने न्यूजीलैंड की परिस्थितियों को देखते हुए तेज गेंदबाजों को प्राथमिकता दी है। मानव सुथार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की योजनाओं का हिस्सा माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें – NZ vs IND 2026: न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम से 3 चौंकाने वाले नाम बाहर, इस वर्ल्ड कप विनर का भी कटा पत्ता