‘मुझे कुछ रातों तक बूरे सपने आए थे’- T20 वर्ल्ड कप में मैथ्यू वेड के कैच छोड़ने पर हसन अली
प्रैक्टिस के दौरान मैंने लगभग 500 कैच पकड़े हैं बिना छोड़े: हसन अली
अद्यतन - Apr 23, 2022 9:16 pm

पाकिस्तान टीम के तेज गेंदबाज हसन अली ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि जब 2021 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल(आईसीसी) टी-20 पुरुष वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने शाहीन अफरीदी के ओवर में मैथ्यू वेड का कैच छोड़ दिया था उसके बाद उन्हें कई दिनों तक नींद नहीं आई।
उस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने विकेटकीपर बल्लेबाज मैथ्यू वेड (17 गेंदो में नाबाद 41 रन) और मार्कस स्टोइनिस (31 गेंदो में 40 रन) की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की बदौलत पाकिस्तान के खिलाफ जीत दर्ज की थी। हालांकि वेड मैच के 19वें ओवर में आउट हो सकते थे और यह मुकाबला पाकिस्तान आराम से जीत सकता था, लेकिन हसन अली ने उनका कैच छोड़ दिया और वो पाक टीम को काफी भारी पड़ा।
प्रैक्टिस के दौरान मैंने लगभग 500 कैच पकड़े थे: हसन अली
पाकपैशन से बातचीत के दौरान अली से जब उस कैच के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि, “ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में कैच छूटने से मुझे कुछ रातों तक बूरे सपने आए थे। मैं गहरे सदमे में था, क्योंकि मुझे ऐसा लग रहा था कि मैंने अपनी टीम को हराया है। मुझे यह पता नहीं लग सका कि मैंने उस कैच को कैसे और क्यों छोड़ा।”
उन्होंने आगे कहा, “विशेष रूप से यह देखते हुए कि एक व्यक्ति और एक टीम के रूप में हम अपने फील्डिंग के लिए कठिन प्रैक्टिस करते हैं, इसलिए यह मेरे लिए समझने के लिए बहुत मुश्किल था कि ऐसा कैसे हो गया था, लेकिन एक क्रिकेटर में मुझे पता है कि ऐसी चीजें मैदान पर फिर से हो सकती हैं, जैसे कि पहले कैच ड्रॉप हुए हैं बाद में हो सकते हैं।”
अगर हसन अली के T20I आंकड़ों की बात करें तो दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने पाकिस्तान के लिए 49 मैच खेले हैं और 16.6 के स्ट्राइक रेट से कुल 60 विकेट लिए हैं। उन्होंने 58 एकदिवसीय मैचों में 89 विकेट लिए हैं और सीमित ओवरों के प्रारूप में उनके नाम कुल दस पांच विकेट हॉल भी मौजदू हैं।