हार्दिक पांड्या के बचपन के कोच ने कॉफी विद करण घटना को किया याद और बताया कैसे ऑलराउंडर ने वापसी की - क्रिकट्रैकर हिंदी

हार्दिक पांड्या के बचपन के कोच ने कॉफी विद करण घटना को किया याद और बताया कैसे ऑलराउंडर ने वापसी की

हार्दिक पांड्या के बचपन के कोच ने बताया कैसे उन्होंने ऑलराउंडर को कॉफी विद करण शो पर हुए हादसे से बाहर निकला।

Hardik Pandya (Image Source: BCCI-IPL)
Hardik Pandya (Image Source: BCCI-IPL)

भारतीय ऑलरांडर हार्दिक पांड्या के लिए आईपीएल 2022 (IPL 2022) बेशक उनके करियर का सबसे बेहतरीन सीजन रहा। इस सीजन में गुजरात टाइटन्स (GT) के कप्तान ने बतौर कप्तान और ऑलराउंडर बेहतरीन प्रदर्शन किया, और इस समय क्रिकेट बिरादरी के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं।

हालांकि, हार्दिक पांड्या का सफर मुश्किलों से भरा रहा, पहले तो उन्होंने आईपीएल (IPL) में शानदार प्रदर्शन के बदौलत भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाई, लेकिन चोटों के चलते उन्हें कई बार मैदान से बाहर होना पड़ा। सिर्फ इतना ही नहीं फिल्म निर्माता करण जौहर के प्रसिद्ध शो, कॉफी विद करण, में जाकर तो ऑलराउंडर ने अपने करियर की सबसे बड़ी भूल ही कर दी, जिसका निश्चित ही उन्हें  अब तक पछतावा होगा।

उन्होंने साल 2019 में अपने मित्र और टीम इंडिया के साथी केएल राहुल के साथ कॉफी विद करण शो में हिस्सा लिया था, जहां उन्होंने अपनी विवादित और अश्लील टिप्पणियों के कारण खुद को मुश्किलों में डाल दिया था। जिसके लिए उन्हें बीसीसीआई (BCCI) ने प्रतिबंधित भी कर दिया था। हालांकि, बैन के बाद दोनों ने भारतीय टीम में वापसी की, लेकिन उन टिप्पणियों के चलते उनकी छवि पर गहरा असर पड़ा।

कॉफी विद करण शो के हादसे ने हार्दिक पांड्या को डरा दिया था

हार्दिक पांड्या के गुजरात टाइटन्स (GT) को आईपीएल 2022 (IPL 2022) खिताब दिलाने के बाद उनके बचपन के कोच जितेंद्र सिंह ने कॉफी विद करण शो हादसे को याद करते हुए खुलासा किया कि ऑलराउंडर भारतीय क्रिकेट टीम से बैन किए जाने के बाद बहुत निराश थे, और अपने करियर को लेकर बहुत चिंतित भी थे।

जितेंद्र सिंह ने इंडियन एक्सप्रेस के हवाले से बताया: “जिस दिन हार्दिक को टीम इंडिया से बैन किया गया था, वह उस दिन पूरी रात सोया नहीं था। मैंने उससे कहा टेंशन नहीं लेना है। आप बहुत जल्द भारत के लिए दोबारा खेलेंगे। जो हो गया, सो हो गया, अब इस बारे में ज्यादा सोचकर परेशान होने से कोई फायदा नहीं है। आप कल रिलायंस स्टेडियम आओ, और अब मुस्कुराओ।”

हार्दिक पांड्या के कोच ने आगे बताया: “मैंने हमारे लिए खेलने के लिए बैडमिंटन कोर्ट बुक किया ताकि उसमें प्रतिस्पर्धी रस और खेल का आनंद लेने की लालसा फिर से जाग उठे। मैं चाहता था कि वह पसीना बहाए, और उससे जो कुछ भी उस शो पर हुआ वह उससे बाहर निकले। अंततः हमें एहसास हुआ कि वह एक खिलाड़ी है, और मैदान पर अपना करतब दिखाने पैदा हुआ है, न कि चैट शो पर। उसके बाद हार्दिक ने मुझसे कहा आपको इसके बाद मेरे बारे में कोई भी नकारात्मक बात या गलत चीजें सुनने नहीं मिलेगी, और वह अपनी बात पर कायम रहा। अगर आज उसके पिता जिंदा होते, तो उन्हें उस पर गर्व होता।”

close whatsapp