शिवम दुबे की शानदार बल्लेबाजी की धोनी ने की तारीफ, लेकिन नहीं बताना चाहते हैं उनके परफॉरमेंस का राज - क्रिकट्रैकर हिंदी

शिवम दुबे की शानदार बल्लेबाजी की धोनी ने की तारीफ, लेकिन नहीं बताना चाहते हैं उनके परफॉरमेंस का राज

आईपीएल 2023 में बल्ले के साथ शिवम दुबे ने किया है शानदार प्रदर्शन।

MS Dhoni And Shivam Dube (Photo Source: Twitter)
MS Dhoni And Shivam Dube (Photo Source: Twitter)

आईपीएल 2023 के 61वें मुकाबले में कोलकाता नाईट राइडर्स (KKR) ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 6 विकेट से हराया। बता दें टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई की टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 144 रन बनाए। इस टीम की ओर से डेवोन कॉनवे और शिवम दुबे ने सबसे ज्यादा रन बनाए।

वहीं दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता की टीम ने 18.3 ओवर में ही इस मुकाबले को अपने नाम कर लिया। इस टीम की ओर से कप्तान नितीश राणा और रिंकू सिंह ने बेहतरीन पारी खेली। वहीं शिवम दुबे की शानदार पारी के बारे में बात करते हुए उनके टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने कहा कि कुछ बातों को ड्रेसिंग रूम तक ही रखना चाहिए।

जिस तरह से शिवम दुबे ने प्रदर्शन किया है उससे मैं बहुत खुश हूं- महेंद्र सिंह धोनी 

दरअसल मैच के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में जब धोनी से शिवम दुबे के शानदार बल्लेबाजी का राज पूछा गया तो उन्हें कहा कि वह इस राज को नहीं खोलना चाहते। बता दें उन्होंने कहा कि, हमने शिवम दुबे से काफी बातचीत की है और यह ड्रेसिंग रूम के अंदर तक ही रहे तो बहुत ज्यादा अच्छा रहेगा। जिस तरह से शिवम दुबे ने प्रदर्शन किया है उससे मैं बहुत खुश हूं।

उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, जरुरी यह है कि वह आगे भी इसी तरह से हर मैच में रन बनाते रहें और बस एक शानदार पारी से संतुष्ट ना हो जाएं। उन्होंने मिडिल ओवर में टीम के लिए अच्छी पारी खेली है और हम चाहते हैं वह आगे भी इस मोमेंटम को बनाए रखें।

इसके साथ ही धोनी ने दीपक चाहर की तारीफ करते हुए कहा कि, वह गेंद को स्विंग कराने वाले खिलाड़ी हैं और उन्हें पता है कि फील्डर्स को कहां रखना है और वह उसी के अनुसार गेंदबाजी भी करते हैं। वह निश्चित रूप से हमारे लिए बहुमूल्य खिलाड़ी हैं। मुझे लगता है वह अब अनुभवी गेंदबाज हैं।

close whatsapp