सुरेश रैना ने की निकोलस पूरन की जमकर तारीफ, कहा- उनके जैसा मैच फिनिश करना….
आरसीबी के खिलाफ लखनऊ के टॉप आर्डर बल्लेबाजों ने कुछ खास प्रदर्शन नहीं किया।
अद्यतन - अप्रैल 12, 2023 8:42 अपराह्न

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेले गए मुकाबले में निकोलस पूरन ने शानदार पारी खेलकर लखनऊ को जीत दिलाई। उन्होंने 15 गेंदों में अर्धशतकीय पारी खेली थी। बता दें पहले बल्लेबाजी करने उतरी RCB की टीम ने 20 ओवर में 212 रन बनाए।
बैंगलोर की तरफ से विराट कोहली, फाफ डुप्लेसिस और ग्लेन मैक्सवेल ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। वहीं दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ की टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और इस टीम ने 3 विकेट बहुत जल्दी खो दिए। दरअसल टीम के टॉप आर्डर बल्लेबाज काइल मेयर्स, दीपक हुड्डा और क्रुणाल पांड्या सस्ते में पवेलियन लौट गए।
हालांकि, लखनऊ की लड़खड़ाती हुई पारी को निकोलस पूरन ने संभाला और बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई। उनकी इस पारी के चर्चे हर तरफ हो रही है। वहीं भारत के पूर्व बल्लेबाज सुरेश रैना ने भी निकोलस पूरन की इस पारी की खूब सराहना की है।
वह एक बेहद खतरनाक बल्लेबाज हैं- सुरेश रैना
जिओ सिनेमा पर बातचीत करते हुए सुरेश रैना ने कहा कि, वह एक बेहद खतरनाक बल्लेबाज हैं। हमने ऐसा फिनिशिंग फॉर्म महेंद्र सिंह धोनी, मिचेल मार्श, कायरन पोलार्ड और हार्दिक पंड्या का देखा है, लेकिन यह बिल्कुल अलग हैं। उन्होंने इस सीजन के सबसे तेज अर्धशतकीय पारी खेली, खासकर उस वक्त जब इसकी जरूरत थी।
रैना ने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, पूरन के लिए 15 गेंद में 50 रन से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण था, अपनी टीम के लिए जीत दर्ज करना। उस तरह से मैच जीताने के लिए बहुत सकारात्मकता और विश्वास होना चाहिए कि वह किसी भी समय मैच जीत सकता है। जिस तरह से उन्होंने गेंद को मैदान के चारों ओर मारा वह वाकई शानदार था, उन्होंने बेहतरीन पारी खेली। बता दें निकोलस पूरन को उनके शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड मिला।