जो दिनेश कार्तिक कर रहे उसे अंतिम रूप देना कहते हैं, फिनिशर नहीं कहते: क्रिस श्रीकांत

एक फिनिशर 16 से 20 ओवर तक नहीं खेलता। जो खिलाड़ी 8वें और 9वें ओवर में आकर लगभग 60 रन बनाकर मुकाबला जिता ले जाए उसे फिनिशर कहा जाता है: क्रिस श्रीकांत

Advertisement

Dinesh Karthik. (Photo Source: BCCI)

भारत के धाकड़ बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने अपना टी-20 डेब्यू साल 2006 में किया था और तब से उन्होंने टीम के लिए कई अलग-अलग बल्लेबाजी क्रम में बल्लेबाजी की है। कभी उन्होंने टॉप ऑर्डर की जिम्मेदारी संभाली तो कभी उन्होंने मिडिल ऑर्डर में आकर टीम के लिए महत्वपूर्ण रन बनाए। लेकिन IPL 2022 में उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के लिए कई मुकाबलों में फिनिशर का रोल निभाया और टीम को जीत दिलाई।

Advertisement
Advertisement

इस शानदार प्रदर्शन की वजह से कार्तिक की भारतीय टीम में भी वापसी हुई और जबसे उन्होंने टीम में वापसी की है तबसे उन्होंने इस रोल को बहुत अच्छी तरह से निभाया है। पहले उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने अंतरराष्ट्रीय टी-20 करियर का पहला अर्धशतक जड़ा और उसके बाद उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी-20 मुकाबले में नंबर-7 पर आकर 19 गेंदों में 41* रन बनाए और टीम की जीत में अहम योगदान दिया।

भारतीय टीम भी उनको आखिरी 5 ओवरों के लिए ही बचा कर रखती है ताकि वो अंतिम ओवरों में आकर आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाए। हालांकि भारत के पूर्व चयनकर्ता क्रिस श्रीकांत का कार्तिक को लेकर अलग ही सोचना है।

दिनेश कार्तिक जो कर रहे हैं उसे अंतिम रूप देना कहते हैं: क्रिस श्रीकांत

क्रिस श्रीकांत ने फिनिशर और वह बल्लेबाज जो पारी को अंतिम रूप देता है उनके बीच में फर्क बताया और साथ ही उन्होंने कार्तिक के IPL और भारत के हालिया प्रदर्शन की जमकर तारीफ की। उन्होंने ये भी कहा कि फिनिशर वो होता है जो 8वें या 9वें ओवर में आकर मुकाबले को फिनिश लाइन तक ले जाता है और उन्होंने सूर्यकुमार यादव की इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई शतकीय पारी का उदाहरण दिया।

श्रीकांत ने वेस्टइंडीज और भारत के बीच चल रहे तीसरे टी-20 मुकाबले के बीच फैनकोड में कहा कि, ‘आपकी फिनिशर की परिभाषा काफी गलत है। हां दिनेश कार्तिक काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने IPL और भारत के लिए कुछ मुकाबलों में बेहतरीन बल्लेबाजी की, लेकिन वह फिनिशर नहीं है। एक खिलाड़ी जो 8वें या 9वें ओवर से मुकाबले को फिनिश कर दे वो फिनिशर होता है।

उन्होंने आगे कहा कि, ‘जो दिनेश कार्तिक कर रहे हैं उसे अंतिम रूप देना कहते हैं। आप सूर्यकुमार यादव को ही ले लीजिए। उन्होंने अकेले अपने दम पर इंग्लैंड के खिलाफ लगभग भारत को मुकाबला जीता दिया था। उसे फिनिशिंग रोल कहते है। हार्दिक पांड्या और ऋषभ पंत फिनिशर हैं।

उन्होंने आगे कहा कि, ‘एक फिनिशर 16 से 20 ओवर तक नहीं खेलता। जो खिलाड़ी 8वें और 9वें ओवर में आकर लगभग 60 रन बनाकर मुकाबला जिता ले जाए उसे फिनिशर कहा जाता है। दिनेश कार्तिक अपनी भूमिका काफी अच्छी तरह से निभा रहे हैं और उनकी बल्लेबाजी देखने में काफी मजा आ रहा है।

Advertisement