हार्दिक पांड्या के फैन हुए टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाजी कोच, कहा- उनकी जर्नी काफी प्रेरणादायी रही है
एशिया कप 2023 के लिए टीम इंडिया का हिस्सा हैं हार्दिक पांड्या।
अद्यतन - Aug 31, 2023 11:10 am

हार्दिक पांड्या इस वक्त क्रिकेट की दुनिया के सबसे अच्छे ऑलराउंडरों में से एक हैं। उनके हरफनमौला स्किल्स की हर कोई तारीफ करता है। एक खिलाड़ी से लेकर एक सफल कप्तान बनने तक का सफर उन्होंने बेहद आसानी से तय किया है और इससे यह बात साफ तौर पर पता चलता है कि उनके अंदर कितनी काबिलियत है।
अब, इसी बीच एक विशेष बातचीत में, पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय बांगर ने एक खिलाड़ी और एक कप्तान दोनों के रूप में हार्दिक पांड्या के उल्लेखनीय विकास को लेकर बात की। हार्दिक की जर्नी 2016 में शुरू हुई और उसके बाद वो देखते ही देखते टीम इंडिया का अहम हिस्सा बन गए। बांगड़ ने पांड्या की जर्नी को बेहद करीब से फॉलो किया है और चोट के बाद उन्होंने जिस तरह से वापसी की और टी20 फॉर्मेट में उनकी प्रभावशाली कप्तानी की सराहना की।
संजय बांगर ने जमकर की हार्दिक पांड्या की तारीफ
स्टार स्पोर्ट्स के शो फॉलो द ब्लूज़ लाइव परविशेष बातचीत में बांगड़ ने भारतीय टीम के अंदर पांड्या की महत्त्व को बताते हुए कहा कि, “वह कोई नया खिलाड़ी नहीं है, उसके पास अनुभव है और एक व्यक्ति के रूप में वह काफी विकसित हुआ है।”
हार्दिक पांड्या की जर्नी काफी प्रेरणादायी रही है। चोटों पर काबू पाना और चरम फिटनेस हासिल करना इस बात को दर्शाता है कि वो किस समर्पण के साथ खेलते हैं। टी20 प्रारूप में उनकी कप्तानी भी उतनी ही प्रभावशाली रही है, जब भी मौका मिला उन्होंने टीम का मार्गदर्शन किया। बांगर ने यह भी बताया कि पांड्या ने हर क्षेत्र में खुद को कितना विकसित किया है।
बांगड़ ने कहा, “जिस तरह से वह चोट के बाद ठीक हुए, अपनी फिटनेस वापस हासिल की और जिस तरह से उन्होंने टी20 प्रारूप में टीम की कप्तानी की है वो तारीफ के काबिल है। उन्होंने टीम का बहुत अच्छे तरीके से मार्गदर्शन किया है। जिस तरह से वह बोलते हैं, आपको यह आभास होता है कि उनमें कप्तानी वाले सभी गुण हैं।”