'मेरे लिए वह दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज हैं'- जोस बटलर की तारीफ करते नहीं थक रहे भज्जी - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘मेरे लिए वह दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज हैं’- जोस बटलर की तारीफ करते नहीं थक रहे भज्जी

जोस बटलर ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 36 गेंदो में 52 रनों की पारी खेली।

Harbhajan Singh Jos Buttler (Photo Source: Twitter)
Harbhajan Singh Jos Buttler (Photo Source: Twitter)

आईपीएल 2023 के पिछले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाज जोस बटलर ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ 36 गेंदो में एक चौके और 3 छक्को की मदद से 52 रनों की पारी खेली। जिसके बल पर टीम ने 175 रनों का स्कोर बोर्ड पर खड़ा किया था। इस सीजन अब तक खेले गए चार मुकाबलों में यह जोस बटलर की तीसरी अर्धशतकीय पारी है।

जोस बटलर ने आईपीएल के पिछले सीजन में 863 रन बना कर ऑरेंज कैप अपने नाम किया था। इस सीजन भी ऑरेंज कैप को फिर से हासिल करने के लिए जोस बटलर शानदार खेल दिखाते हुए नजर आ रहे हैं। इसी बीच हरभजन सिंह ने जोस बटलर को मौजूदा समय में दुनिया का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज बताया है।

उनके पास अच्छी तकनीक है- हरभजन सिंह

आपको बता दें जोस बटलर आईपीएल में सबसे तेज 3000 रन पूरा करने वाले तीसरे खिलाड़ी भी बन गए हैं। चेन्नई के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स के जीत के बाद पूर्व भारतीय खिलाड़ी हरभजन सिंह जोस बटलर की जमकर तारीफ करते हुए नजर आए।

हरभजन सिंह ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा, ‘मेरे पास जोस बटलर की तारीफ करने के लिए शब्द नहीं हैं। वह एक शानदार बल्लेबाज है। वह क्रीज का पूरा उपयोग करते हैं, उनके पास अच्छी तकनीक है, उनके पास गति और स्पिन के खिलाफ अच्छा फुटवर्क हैं। मेरे लिए वह इस वक्त दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज है।’

जडेजा को खेलना मुश्किल हैं- जोस बटलर

जोस बटलर चेपॉक की पिच पर अच्छी पारी खेलते हुए नजर आए, लेकिन जोस बटलर ने अपनी इनिंग के बाद खुलासा किया था कि रवींद्र जडेजा के खिलाफ खेलना उनके लिए मुश्किल था। जोस बटलर ने मिड इनिंग इंटरव्यू के दौरान बात करते हुए कहा, ‘शुरूआत थोड़ी धीमी हुई और जडेजा ने अच्छी गेंदबाजी की।’

‘पावरप्ले में आप हमेशा फायदा उठाने की कोशिश करते हैं। हमने कुछ शुरूआती विकेट गंवा दिए और इसलिए मुझे मैच को अंत तक ले जाना था। बैकएंड का फायदा उठाने की कोशिश की और जल्दी आउट हो गए। वह बहुत तेज गेंदबाजी करते हैं और गेंद को घूमाते हैं। एक बार स्पिन हो जाए तो फिर उन्हें खेलना मुश्किल होता है।’

close whatsapp