सिडनी में खेले गए तीसरे वनडे मुकाबले के दौरान भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को एक गंभीर चोट लग गई थी। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज एलेक्स कैरी का कैच पकड़ते वक्त अय्यर को जोरदार झटका लगा, जिससे उनके स्प्लीन पर चोट आ गई।
उन्हें तुरंत मैदान से बाहर ले जाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुरुआती रिपोर्ट्स में उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही थी, क्योंकि चोट लगने के बाद उनके शरीर की कुछ वाइटल्स अचानक गिर गई थीं।
हालांकि, अब राहत की खबर सामने आई है। टीम इंडिया के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताया कि अय्यर की तबीयत में काफी सुधार है और वे अब फोन पर जवाब दे रहे हैं, जिसका मतलब है कि स्थिति स्थिर है।
श्रेयस अय्यर की हालत में सुधार, अब फोन पर बात कर रहे हैं
सूर्या ने कहा, जब मुझे पता चला तो मैंने फिजियो कमलेश जैन से बात की। अब अय्यर बात कर रहे हैं, डॉक्टर उनके साथ हैं और वे ठीक हो रहे हैं। अगले कुछ दिनों तक उन्हें निगरानी में रखा जाएगा।
सूर्यकुमार ने अय्यर की तारीफ करते हुए कहा, यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी, लेकिन कभी कभी ऐसी चीज़ें दुर्लभ खिलाड़ियों के साथ ही होती हैं। भगवान की कृपा से अब सब ठीक है। हम सीरीज के बाद उन्हें अपने साथ भारत लेकर जाएंगे।
बीसीसीआई के सूत्रों के अनुसार, अय्यर को अब आईसीयू से बाहर शिफ्ट कर दिया गया है और उनकी हालत में लगातार सुधार हो रहा है। डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य पर नजर रखे हुए है।
बीसीसीआई मेडिकल पैनल और आईसीसी मेडिकल कमेटी के प्रमुख डॉ. दिनशॉ पारदीवाला को अय्यर की मेडिकल रिपोर्ट भेजी गई है। उन्होंने मैदान पर मौजूद मेडिकल स्टाफ की तत्परता की सराहना की, जिनकी तेज प्रतिक्रिया ने अय्यर की स्थिति को स्थिर करने में अहम भूमिका निभाई।
फिलहाल, अय्यर को कुछ दिनों तक ऑब्जर्वेशन में रखा जाएगा। अच्छी बात यह है कि वे अब स्थिर हैं, मुस्कुरा रहे हैं और जल्द ही भारत लौटने की तैयारी कर रहे हैं। क्रिकेट फैंस के लिए यह एक बड़ी राहत है कि श्रेयस अय्यर खतरे से बाहर हैं और उम्मीद है कि वह जल्द ही मैदान पर वापसी करेंगे।
