सूर्यकुमार यादव की शानदार बल्लेबाजी की जमकर तारीफ कर रहे हैं विराट कोहली
भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2-1 से घरेलू T20I सीरीज जीती।
अद्यतन - सितम्बर 26, 2022 2:12 अपराह्न

विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे और अंतिम T20I मुकाबले में तीसरे विकेट के लिए 104 रनों की साझेदारी कर भारत को 187 रनों का सफलतापूर्वक पीछा करने में मदद की। टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ निर्याणक मैच में एक गेंद शेष रहते ही 187 रनों के लक्ष्य को हासिल 2-1 से घरेलू सीरीज जीत ली है। आपको बता दें, सूर्यकुमार यादव को बेहतरीन बल्लेबाजी प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया T20I मैच में एक तरफ जहां विराट कोहली ने तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से 48 गेंदों में 63 रनों की पारी खेली, वहीं सूर्यकुमार ने पांच चौकों और पांच छक्कों की मदद से 36 गेंदों में 69 रन बनाए और भारतीय क्रिकेट टीम की इस रोमांचक जीत में अहम भूमिका निभाई।
विराट कोहली ने की सूर्यकुमार यादव की जमकर तारीफ
विराट कोहली ने हैदराबाद में मैच के बाद कहा: “सूर्यकुमार यादव बल्ले के साथ क्या करना चाहते हैं, यह बिल्कुल स्पष्ट है। उनके पास किसी भी स्थिति और परिस्थिति में बल्लेबाजी करने का हुनर है। वह पिछले काफी समय से बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने इंग्लैंड में शतक लगाया, और हालिया एशिया कप में भी शानदार बल्लेबाजी की है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी गेंद को बहुत अच्छे से हिट किया है।”
पूर्व भारतीय कप्तान ने आगे कहा: “सूर्यकुमार पिछले छह महीनों से जबरदस्त प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके पास बेहतरीन शॉट्स की एक सीरीज है, और वह उन शॉट्स को सही समय पर और शानदार तरीके से अंजाम इसलिए दें पाते हैं क्योंकि वह अपने खेल को अंदर से बखूबी जानते हैं, और उनके जबरदस्त कौशल हैं।”
आपको बता दें, भारत अब 28 सितंबर से 6 मैचों की सीमित ओवरों की सीरीज में दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगा, जिसके बाद टीम टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना होगी।