श्रीलंका के खिलाफ संजू सैमसन ने किया शानदार प्रदर्शन तो भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कुछ इस अंदाज में की उनकी तारीफ - क्रिकट्रैकर हिंदी

श्रीलंका के खिलाफ संजू सैमसन ने किया शानदार प्रदर्शन तो भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कुछ इस अंदाज में की उनकी तारीफ

टीम इंडिया ने 26 फरवरी को श्रीलंका के खिलाफ दूसरे मुकाबले में 7 विकेट से जीत दर्ज की। दोनों टीमें तीसरे मुकाबले के लिए 27 फरवरी को भिड़ेंगी।

Rohit Sharma and Sanju Samson. (Photo Source: Getty Images)
Rohit Sharma and Sanju Samson. (Photo Source: Getty Images)

भारत और श्रीलंका के बीच 26 फरवरी को हुए मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार जीत दर्ज की। टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका की टीम ने 183 रन बनाये। 184 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम इंडिया ने इस मुकाबले को 17 गेंद शेष रहते जीत लिया।

इस मुकाबले में भारतीय टीम ने अपने सलामी बल्लेबाजों को जल्दी खो दिया। उसके बाद श्रेयस अय्यर और संजू सैमसन ने मैच को संभाला। दांये हाथ के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 74 रनों की पारी खेली। उनकी इस तूफानी पारी में 6 चौके और 4 छक्के भी शामिल थे।

वहीं दूसरी तरफ संजू सैमसन ने अय्यर का मैदान पर भरपूर साथ दिया। दोनों खिलाड़ियों ने केवल 47 गेंदों में 84 रनों की शानदार साझेदारी की। सैमसन ने 3 छक्कों और 2 चौकों की मदद से 25 गेंदों में 39 रनों की तेज पारी खेली। उनके इस प्रदर्शन से प्रभावित होकर कप्तान रोहित शर्मा ने 27 वर्षीय संजू सैमसन की जमकर तारीफ की। सैमसन के आउट होने के बाद रवींद्र जडेजा ने भी टीम को जिताने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

“हमारे पास उस बल्लेबाजी क्रम में काफी प्रतिभा है”- रोहित शर्मा

मैच के बाद कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि “हमारे पास उस बल्लेबाजी क्रम में बहुत प्रतिभा है, हम उन्हें मौके देते रहेंगे। यह उन पर निर्भर करता है कि वे इसका अधिकतम लाभ उठाएं। मुझे लगा संजू ने दिखाया कि वह उस पारी से कितना अच्छा खेल सकता है। यह सब आपके मौके के फायदा उठाने पर निर्भर करता है। इनमें से बहुत से लोग काफी प्रतिभाशाली हैं।”

कप्तान ने आगेे कहा “सभी खिलाड़ियों को मैदान में जाने और खुद को व्यक्त करने का अवसर चाहिए। बहुत सारे लोग बेंच पर भी इंतजार कर रहे हैं लेकिन उनका समय भी आएगा। हमें उन सभी खिलाड़ियों की देखभाल करनी होगी जो कुछ समय के लिए टीम में और उसके आसपास रहे हैं।”

टीम इंडिया ने श्रीलंका के खिलाफ टी-20 सीरीज पर 2-0 से बढ़त बना ली है दोनों टीमों के बीच तीसरा टी-20 मुकाबला 27 फरवरी को धर्मशाला में खेला जायेगा।

close whatsapp