‘मैं उन्हें अभी भी बहुत मिस करता हूं..’- धोनी की कप्तानी को लेकर केएल राहुल ने दिया बड़ा बयान
केएल राहुल चोटिल होकर आईपीएल 2023 के मौजूदा सीजन से बाहर हो चुके हैं।
अद्यतन - May 18, 2023 2:19 pm

पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी कप्तानी में भारत को साल 2007 में टी-20 वर्ल्ड कप, 2011 में वनडे वर्ल्ड कप और 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीताई है। आपको बता दें धोनी क्रिकेट की दुनिया के एकलौते कप्तान है जिन्होंने तीनों आईसीसी ट्रॉफियां जीती है।
क्रिकेट की दुनिया की बहुचर्चित लीग आईपीएल में भी धोनी ने अपनी शानदार कप्तानी का लोहा मनवाते हुए चार ट्रॉफियां अपने नाम की है। मौजूदा सीजन में भी धोनी चेन्नई सुपर किंग्स को ट्रॉफी जीताते हुए नजर आ सकते हैं। हाल ही में भारतीय ओपनर केएल राहुल ने महेंद्र सिंह धोनी की शानदार कप्तानी की प्रशंसा करते हुए बड़ा बयान दिया है।
उन्होंने हमेशा अपने हौसले पर भरोसा किया- केएल राहुल
महेंद्र सिंह धोनी ने साल 2017 तक भारतीय टीम की कप्तानी की। वहीं 2019 वनडे वर्ल्ड कप के बाद धोनी ने साल 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्याास का ऐलान किया था। हाल ही में रनवीर इलाहाबादिया के यूट्यूब शो पर महेंद्र सिंह धोनी के बारे में बात करते हुए केएल राहुल ने कहा, ‘उन्होंने मुझसे हमेशा कहा कि एक कप्तान के रूप में अपने हौसलों पर हमेशा भरोसा रखो। एक लीडर और एक व्यक्ति के रूप में उन्होंने यही किया।’
केएल राहुल ने आगे कहा, ‘पहला विचार जो आपको मिलता है आप हमेशा उस पर सवाल उठाते हैं। लेकिन उन्होंने कभी भी सवाल नहीं उठाया। अगर उन्हें किसी चीज को लेकर अच्छा महसूस होता है तो वे कभी उस पर सवाल नहीं उठाते और ना ही अनुमान लगाते हैं। उन्होंने वही किया भले वह अच्छा गया हो या नहीं गया हो। जिससे उन्हें कई तरह से मदद मिली है। लोग उस दौरान इस चीज को समझ नहीं पाए थे लेकिन उन्होंने अपने हौसले पर भरोसा किया और उनको वो नतीजे मिले।’
धोनी को ड्रेसिंग रूम में मिस करते हैं केएल राहुल
केएल राहुल ने साथ ही में यह भी बताया कि वह इंडियन ड्रेसिंग रूम में धोनी की मौजूदगी को काफी ज्यादा मिस करते हैं। क्योंकि जिस तरह वो खिलाड़ियों को संभालते थे और उनका रिश्ता जिस तरह से हर किसी के साथ था वह शानदार था।
केएल राहुल आईपीएल 2023 के मौजूदा सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ मैच में चोटिल होकर पूरे सीजन से बाहर हो चुके हैं। साथ ही केएल राहुल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल से भी बाहर हो चुके हैं।