‘उन्होंने धवन की तरह धीमी बल्लेबाजी की’- श्रेयस अय्यर की बल्लेबाजी को लेकर बोले अजय जडेजा
श्रेयर अय्यर ने हाल के दिनों में नहीं किया है अच्छा प्रदर्शन।
अद्यतन - Jul 25, 2022 9:47 am

भारत ने वेस्टइंडीज दौरे की शुरुआत जीत के साथ की। सीरीज के पहले मैच में श्रेयस अय्यर ने अपना दसवां वनडे अर्धशतक बनाया और 1000 रन भी पूरे किए। कप्तान शिखर धवन ने 99 गेंदों पर सर्वाधिक 97 रन बनाए और शुभमन गिल ने वनडे में वापसी करते हुए 64 रन की तेज पारी खेली। भारत शुरुआती तीन बल्लेबाजों के शानदार अर्धशतकों के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 308 रन बनाने में सफल रहा था।
जब श्रेयस अय्यर की टीम इंडिया में एंट्री हुई थी तब उन्होंने काफी प्रतिभा दिखाई थी और उन्हें भविष्य का कप्तान माना जा रहा था। हालांकि उस समय वो काफी अच्छा प्रदर्शन भी कर रहे थे। लेकिन पिछले कुछ समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनकी नई कमजोरी उजागर हुई है। वो शॉर्ट पिच गेंदों के खिलाफ काफी संघर्ष करते हुए दिखे हैं। इस बीच पहले वनडे मैच में उनकी बल्लेबाजी को देखने के बाद टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर अजय जडेजा ने अपनी राय रखी है।
शिखर धवन की तरह श्रेयस अय्यर ने भी धीमी बल्लेबाजी की- अजय जडेजा
फैन कोड से बातचीत के दौरान अजय जडेजा ने कहा कि, “मुझे उनके लिए महसूस हो रहा है। वो प्रतिभा के साथ भारतीय टीम में आए। एक साल पहले उन्हें भारतीय टीम के भविष्य का कप्तान माना जा रहा था। उन्होंने टेस्ट करियर की अच्छी शुरूआत की और शतक जमाया। अचानक, कई बार वो शॉर्ट गेंद पर आउट हुए और तकनीकी खराबी सामने आई। ये सभी बातें उनके दिमाग में बैठ गई और इसका असर उनकी बल्लेबाजी में दिख रहा है।”
अजय जडेजा ने आगे कहा कि, ‘जिस तरह उन्होंने अपनी पारी आगे बढ़ाई, वो काफी हद तक शिखर धवन से मिलती-जुलती थी। तो आपको समस्या से बाहर आने के लिए बड़े स्कोर की जरूरत होती है। मैं कहूंगा कि उनका मैच अच्छा था। मगर वो निराश होंगे। इस तरह के गेंदबाजी आक्रमण के सामने आपको पूरे मौके का फायदा उठाना चाहिए।
शतक जमाइए और कोई आपको कुछ नहीं कहेगा। इस स्कोर के साथ आप यह नहीं कह सकते कि उनकी समस्या शॉर्ट गेंद के खिलाफ समाप्त हो गई। आप इस मैच को वैसे नहीं ले सकते, जैसे इंग्लैंड बनाम भारत लिया था। मेरे हिसाब से यह अभ्यास मैच की तरह है।’