लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ शतक ना बनाने के बाद रोहित शर्मा अपने आप से काफी निराश हुए थे: रवि शास्त्री
रोहित शर्मा ने साल 2021 में लॉर्ड्स टेस्ट मैच में 83 रनों की अहम पारी खेली थी।
अद्यतन - Jul 15, 2022 1:55 pm

14 जुलाई को लॉर्ड्स में खेले गए इंग्लैंड बनाम भारत के बीच दूसरे वनडे मुकाबले में मेजबान ने भारत को 100 रन से मात देकर तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। पहले वनडे मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा इस मुकाबले में अपना खाता खोले बिना ही आउट होकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने 10 गेंदें खेली और बिना खाता खोले रीस टॉप्ली को अपना विकेट दे बैठे।
इसी के साथ भारतीय टीम के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने रोहित शर्मा की एक टेस्ट पारी को याद किया जो उन्होंने इसी मैदान में पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ ही खेली थी। पिछले साल भारत इंग्लैंड दौरे के लिए आई थी और सीरीज के दूसरे टेस्ट मुकाबले में रोहित शर्मा ने 83 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी। हालांकि वह अपने शतक से मात्र 17 रनों से चूक गए थे।
आउट होने के बाद रोहित शर्मा काफी दुखी थे: रवि शास्त्री
रवि शास्त्री ने लॉर्ड्स में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे वनडे के दौरान ऑन एयर कहा कि, ‘ जब उस टेस्ट मुकाबले में रोहित शर्मा आउट होकर पवेलियन लौटे थे तब वो काफी दुखी थे। वो बस टेबल में आ कर चुपचाप बैठे रहे। उन्हें वो शतक बनाना था और मात्र 17 रनों से वह चूक गए। उनके चेहरे पर ही दिख रहा था कि वो कितने उदास हैं। द ओवल में उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया था।
भारतीय टीम के लिए उस सीरीज में रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा रन बनाए थे। उन्होंने कुल 368 रन बनाए। हालांकि कोविड की वजह से पांचवां और आखिरी टेस्ट मुकाबला टाल दिया गया था जो बाद में 1 जुलाई 2022 को खेला गया। यह मुकाबला मेजबान टीम ने बड़ी आसानी से अपने नाम किया। जो रूट और जॉनी बेयरस्टो के शतकों से इंग्लैंड ने इस मुकाबले को 7 विकेट से जीता।
इन दोनों टीमों के बीच तीसरा और आखिरी वनडे मुकाबला 17 जून को मैनचेस्टर में खेला जाएगा। दोनों ही टीमें इस मुकाबले को जीतना चाहेंगी। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली इस मुकाबले में बड़ा स्कोर बनाने को देखेंगे।