भारत बनाम श्रीलंका सुपर फोर मैच के बाद एशिया कप 2022 की अंक तालिका में जानिए टीमों का हाल - क्रिकट्रैकर हिंदी

भारत बनाम श्रीलंका सुपर फोर मैच के बाद एशिया कप 2022 की अंक तालिका में जानिए टीमों का हाल

श्रीलंका ने एशिया कप 2022 के फाइनल के लिए लगभग अपनी जगह पक्की कर ली है।

India v Sri Lanka (Image Source: Twitter)
India v Sri Lanka (Image Source: Twitter)

भारत 6 सितंबर को दुबई में खेले गए एशिया कप 2022 के सुपर फोर स्टेज के अपने दूसरे मैच में श्रीलंका के खिलाफ छह विकेट की शिकस्त झेलने के बाद फाइनल की दौड़ से लगभग बाहर हो गया है।

आपको बता दें, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने 41 गेंदों में 72 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन सूर्यकुमार यादव को छोड़कर कोई भी अन्य बल्लेबाज 20 रनों के आंकड़े को पार नहीं कर पाया, नतीजन टीम इंडिया ने अपने 20 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 173 रनों का स्कोर पोस्ट किया।

जीत के लिए 174 रनों का पीछा करते हुए श्रीलंका क्रिकेट टीम को उनके सलामी बल्लेबाजों पथुम निसानका (52) और कुसल मेंडिस (57) ने शानदार शुरुआत दिलाई, लेकिन फिर युजवेंद्र चहल और रविचंद्रन अश्विन के संयुक्त रूप से चार विकेट लेकर भारत की मैच में वापसी कराई, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।

श्रीलंका का एशिया कप 2022 के फाइनल में जाना तय

भानुका राजपक्षे (25*) और कप्तान दासुन शनाका (33*) ने दबाव में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए एक गेंद शेष रहते ही श्रीलंका को भारत के खिलाफ यह मैच छह विकेट से जीता दिया। इस जीत के साथ श्रीलंका ने एशिया कप 2022 के फाइनल के लिए लगभग अपनी जगह पक्की कर ली है। जबकि इस करारी हार के बाद भारत के समीकरण पूरी तरह बिगड़ चुके हैं, क्योंकि अगर 7 सितंबर को पाकिस्तान सुपर फोर मैच में अफगानिस्तान को मात दें देता है, तो फिर भारत और अफगानिस्तान दोनों फाइनल की रेस से बाहर हो जाएंगे।

अब टीम इंडिया को न केवल एशिया कप 2022 के सुपर फोर चरण में 8 सितंबर को खेले जाने वाले अपने अंतिम मुकाबले में अफगानिस्तान को बड़े अंतर से हराना होगा, बल्कि अन्य दो मैचों के परिणाम भी उनके पक्ष में होने चाहिए, तभी वे फाइनल के लिए क्वालीफाई कर पाएंगे। अगर अफगानिस्तान और श्रीलंका दोनों पाकिस्तान को मात देने में कामयाब हो जाते हैं, तो भारतीय क्रिकेट टीम एशिया कप के फाइनल में जा सकती है।

इस बीच, श्रीलंका क्रिकेट टीम इस समय एशिया कप 2022 की अंकतालिका में चार अंको के साथ शीर्ष पर बनी हुई है, जबकि पाकिस्तान दो अंको के साथ दूसरे स्थान पर है। वहीं दूसरी ओर, भारत और अफगानिस्तान एशिया कप 2022 की अंकतालिका में क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर काबिज है।

भारत बनाम श्रीलंका मैच के बाद एशिया कप 2022 की अंकतालिका पर डालिए एक नजर –

एशिया कप 2022 सुपर 4 – अंक तालिका

टीम मैच जीत हार टाई नो रिजल्ट अंक नेट रन रेट

श्रीलंका

2 2 0 0 0 4 0.351

पाकिस्तान

1 1 0 0 0 2 0.126

भारत

2 0 2 0 0 0 -0.125

अफगानिस्तान

1 0 1 0 0

        0

-0.589

close whatsapp