‘हेलो मम्मी ब्रावो..’- महेंद्र सिंह धोनी ने खास अंदाज में ड्वेन ब्रावो की मां को दी जन्मदिन की बधाई
चेन्नई सुपर किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 12 रन से जीत दर्ज की।
अद्यतन - Apr 4, 2023 4:36 pm

आईपीएल 2023 में पहला मुकाबला गुजरात टाइटंस से 5 विकेट से हारने के बाद दूसरे मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने शानदार वापसी की। LSG के खिलाफ मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने 217 रन बोर्ड पर लगाए थे। लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स 20 ओवर में 205 रन बना पाई।
लखनऊ के खिलाफ 12 रन से जीत दर्ज कर चेन्नई सुपर किंग्स ने पाइंट्स टेबल पर खाता खोल लिया है। CSK के दिग्गज खिलाड़ी ड्वेन ब्रावो इस सीजन फ्रेंचाइजी के लिए गेंदबाजी कोच की भूमिका निभा रहे हैं। ड्वेन ब्रावो ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें महेंद्र सिंह धोनी ड्वेन ब्रावो की मां को 65वें जन्मदिन की बधाई देते हुए नजर आ रहे हैं।
जीत के बाद ड्वेन ब्रावो की मां को जन्मदिन की बधाई देते नजर आए धोनी
ड्वेन ब्रावो की मां 3 अप्रैल को अपना 65वां जन्मदिन मना रही थी। CSK कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपने हर अंदाज से फैंस का दिल जीत लेते हैं। हाल ही में ड्वेन ब्रावो की मां को जन्मदिन की बधाई देते हुए धोनी का वीडियो बहुत तेजी से वायरल हो रहा है। ड्वेन ब्रावो द्वारा सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया गया है, जिसमें धोनी ने कहा, ‘हेलो मम्मी ब्रावो, आपको 65वें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। प्लीज मेरे तरफ से केक लीजिए, मैं ब्रावो के चेहरे पर लगाऊंगा। ऑल द वेरी बेस्ट।’
ड्वेन ब्रावो ने वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, ‘मेरी मां इस साल अपने जन्मदिन के दिन CSK को जीतते हुए देखना चाहती थी। उन्हें सबसे बेस्ट गिफ्ट मिल चुका है हम जीत चुके हैं। मेरी टीम और मेरे साथी खिलाड़ियों को बहुत-बहुत बधाई। अब मेरी चैंपियन मम्मी को 65वें जन्मदिन की बधाई देने में मेरी मदद कीजिए। आपके चैंपियन बेटे और टीम के तरफ से बहुत सारी शुभकामनाएं और खबू सारा प्यार।’