वनडे फॉर्मेट में रोहित और कोहली की जोड़ी ने एक बार फिर दिखाया दम, इस शानदार लिस्ट में किया अपना नाम शामिल
विराट कोहली के नाम वनडे क्रिकेट में 293 मुकाबलों में 13872 रन है। उन्होंने यह रन 93.54 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं।
अद्यतन - Aug 3, 2024 4:20 pm

रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास के बाद श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे मैच में वापस की। रोहित शर्मा ने जहां 47 गेंदों में 58 रनों की पारी खेली, वहीं विराट कोहली ने 32 गेंदों में 24 रन बनाए। इस दौरान दोनों ही खिलाड़ियों ने एक शानदार उपलब्धि अपने नाम की है।
बता दें कि, विराट कोहली के नाम वनडे क्रिकेट में 293 मुकाबलों में 13872 रन है। उन्होंने यह रन 93.54 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। ऐसे में वह भारत की ओर से वनडे में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट से रन बनाने वालों की सूची में दूसरे स्थान पर है।
इस लिस्ट में पहले स्थान पर पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग हैं, जिन्होंने वनडे क्रिकेट में 7995 रन 104.44 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। तीसरे स्थान पर सुरेश रैना है, जिन्होंने वनडे क्रिकेट में 5615 रन 93.50 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं, जबकि भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा चौथे पोजिशन पर हैं। उन्होंने 92.09 के स्ट्राइक रेट से वनडे क्रिकेट में 10767 रन बनाए हैं। लिस्ट में 5वें पायदान पर शिखर धवन हैं, जिन्होंने 91.35 के स्ट्राइक रेट से 6793 रन बनाए हैं।
भारत और श्रीलंका के बीच पहला वनडे टाई पर हुआ समाप्त
भारत और श्रीलंका के बीच पहला वनडे मैच कोलंबो में 2 अगस्त को खेला गया था। इस मैच में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 230 रन बनाए। टीम की ओर से पथुम निसांका ने 56 रनों की बहुमूल्य पारी खेली, जबकि Dunith Wellalage ने 67* रनों का योगदान दिया। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट झटके।
जवाब में भारतीय टीम 230 रन पर ऑलआउट हो गई और इस तरह मुकाबला टाई पर समाप्त हुआ। अब इन दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला 4 अगस्त को कोलंबो में ही खेला जाएगा।