इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने भारतीय टीम के ऊपरी क्रम के बल्लेबाजों की कमजोरी को लेकर की उनकी आलोचना
इतिहास बताता है कि दुबई में एक शाम को पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी ने भारतीय टीम को पूरी तरह से हिला कर रख दिया था: नासिर हुसैन
अद्यतन - Jul 18, 2022 2:47 pm

17 जुलाई को इंग्लैंड के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए तीसरे वनडे मुकाबले में इंडिया ने इंग्लैंड को 5 विकेट से मात देकर तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज को अपने नाम कर लिया। 2014 के बाद यह पहली वनडे सीरीज है जिसको भारत ने इंग्लैंड की धरती पर जीता है। इससे पहले इस दौरे में भारतीय टीम ने मेजबान टीम को टी-20 सीरीज में 2-1 से मात दी थी जबकि टेस्ट क्रिकेट में 2-2 की बराबरी से सीरीज का अंत हुआ था।
हालांकि इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन का मानना है कि भारतीय टीम के बल्लेबाजों को बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों को खेलने में काफी परेशानी होती है। इन दोनों टीमों के बीच खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में मेजबान टीम ने भारत को 100 रनों से मात दी थी। इस मुकाबले में इंग्लैंड टीम के तेज गेंदबाज रीस टॉप्ली ने 6 विकेट झटके थे।
नासिर हुसैन का भारतीय टीम को सुझाव
नासिर हुसैन का मानना है कि भारतीय टीम के पास काफी तगड़ा बल्लेबाजी क्रम है लेकिन उनको यह भी देखना चाहिए कि उन्होंने टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में कैसा प्रदर्शन किया था जो UAE में खेला गया था। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम के टॉप ऑर्डर के बल्लेबाजों को डर के खेलना नहीं चाहिए क्योंकि बीच में उनके पास हार्दिक पांड्या, ऋषभ पंत और रवींद्र जडेजा हैं।
तीसरे वनडे मुकाबले के बाद नासिर हुसैन ने सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क में कहा कि, ‘ भारतीय टीम काफी मजबूत है लेकिन उन्हें अपने पिछले मुकबलों से सीखना चाहिए। आखिरी टी-20 वर्ल्ड कप में जो UAE में खेला गया था उसमें देखा जा सकता था कि वो लोग थोड़ा डर के और जल्दबाजी करते हुए खेल रहे थे। उनको इसको रोकना होगा।
रीस टॉप्ली ने भारतीय टीम को हिला कर रख दिया: नासिर हुसैन
हुसैन ने आगे कहा कि, ‘ जब आपके पास मिडिल ऑर्डर में हार्दिक पांड्या और ऋषभ पंत हैं और उसके बाद रवींद्र जडेजा है तो आपको टॉप ऑर्डर में जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए। उनको बाएं हाथ के गेंदबाजों को थोड़ा ज्यादा खेलना चाहिए। इतिहास बताता है कि दुबई में एक शाम को पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी ने उन्हें पूरी तरह से हिला कर रख दिया था।
नासिर हुसैन ने यह भी बताया कि 2017 चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान के खिलाफ खेले जा चुके मुकाबले में मोहम्मद आमिर ने भारत के शुरुआती 3 विकेट 9 ओवर के अंदर ही चटका दिए थे। वो भी बाएं हाथ के गेंदबाज हैं। मोहम्मद आमिर ने द ओवल में जून 18, 2017 को परेशान कर दिया था वहीं रीस टॉप्ली ने ओल्ड ट्रैफर्ड में हिला कर रख दिया।
टी-20 वर्ल्ड कप को लेकर नासिर हुसैन ने कहा कि, ‘ भारतीय टीम की बल्लेबाजी काफी अच्छी है। विराट कोहली एक बार ब्रेक लेकर जब वापस आ जाएंगे तब वह भी काफी अच्छे हो जाएंगे। उन्हें बस सकारात्मक चीजें सोचनी चाहिए। उन्हें अभी कई सीरीज खेलनी है और उसके बाद वर्ल्ड कप। भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करेगी।