पूरे साल भर गायब रहने वाले दीपक चाहर IPL के नजदीक आते ही हुए फिट
चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2022 मेगा ऑक्शन में दीपक चाहर को 14 करोड़ रूपए में खरीदा था।
अद्यतन - Feb 21, 2023 5:28 pm

चोट की वजह से टीम इंडिया के तेज दीपक चाहर लगभग एक साल से एक्शन से दूर रहे हैं। चोटिल रहने के चलते दीपक को आईपीएल 2022 से बाहर होना पड़ा था। टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से पहले दीपक चाहर ने वापसी जरूर की थी, लेकिन दोबारा चोटिल होकर वो टीम से बाहर हो गए थे। लेकिन अब दीपक चाहर पूरी तरह फिट होकर आईपीएल 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए धमाकेदार वापसी करने के लिए तैयार है।
वापसी को लेकर दीपक चाहर ने दिया यह बयान
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल 2022 का सीजन किसी बुरे सपने से कम नहीं था। चार बार की चैम्पियन टीम CSK 4 मुकाबले भी पिछले सीजन में मुश्किल से जीत पाई थी। CSK ने पिछला सीजन 9वें स्थान पर खत्म किया था। दीपक चाहर को CSK ने आईपीएल 2022 मेगा ऑक्शन में 14 करोड़ रूपए में खरीदा था। लेकिन पूरे सीजन वह एक मुकाबला भी नहीं खेल पाए थे।
इस बीच आईपीएल 2023 में वापसी को लेकर दीपक चाहर ने PTI से बात करते हुए कहा, ‘पिछले दो-तीन महीनों से अपनी फिटनेस पर कड़ी मेहनत कर रहा हूं। मैं पूरी तरह से फिट हूं और आईपीएल के लिए अच्छी तैयारी कर रहा हूं।’
दीपक चाहर ने अपने चोट को लेकर बात करते हुए आगे कहा, ‘मुझे दो बड़ी चोटें आई थी। एक स्ट्रेस फ्रैक्चर था और एक क्वाड ग्रेड 3 टीयर था। वे दोनों बहुत बड़ी चोटें हैं। जो कोई भी चोट के बाद वापसी करता है उसे समय लगता है। खासकर तेज गेंदबाजों के लिए। अगर मैं एक बल्लेबाज होता तो मैं लंबे समय तक खेलता। लेकिन एक तेज गेंदबाज के रूप में जब आपको स्ट्रेस फ्रेक्चर होता है, तो आपके लिए वापसी करना मुश्किल हो जाता है।’
मेरा मकसद अपने प्रदर्शन को बेहतर करने पर है- दीपक चाहर
चोट से उबरने के बाद दीपक चाहर NCA बैंगलोर में रिहैब की प्रक्रिया पूरा कर रहे थे। हालांकि उन्हें आगमी घरेलू सीरीज के लिए टीम इंडिया में जगह नहीं मिली है। दीपक ने इसी साल 2023 की शुरूआत में रणजी ट्रॉफी के जरिए वापसी की। जहां उन्होंने राजस्थान के लिए खेलते हुए 2 विकेट लिए और 26 रनों की पारी खेली। दीपक चाहर का अगला लक्ष्य आईपीएल के साथ भारत के लिए वनडे वर्ल्ड कप भी खेलना होगा।
दीपक चाहर ने आगे बात करते हुए कहा, ‘अगर मैं अपनी मर्जी से गेंदबाजी व बल्लेबाजी कर रहा हूं तो मुझे कोई भी नहीं रोक सकता है। मुझे परवाह नहीं है कि मेरे सामने कौन खेल रहा है और कौन नहीं खेल रहा है। मेरा मकसद पूरी तरह फिट होना और गेंद और बल्ले से 100 प्रतिशत प्रदर्शन करना है।’