IND vs NZ: फिर से वनडे में अपने पूरे 10 ओवर फेंकने के लिए काफी इच्छुक हैं हार्दिक पांड्या - क्रिकट्रैकर हिंदी

IND vs NZ: फिर से वनडे में अपने पूरे 10 ओवर फेंकने के लिए काफी इच्छुक हैं हार्दिक पांड्या

हार्दिक पांड्या ने न्यूजीलैंड के खिलाफ रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 ओवर में 16 रन देकर दो महत्वपूर्ण विकेट झटके।

Hardik Pandya (Pic Source-Twitter)
Hardik Pandya (Pic Source-Twitter)

भारत के शानदार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने कहा है कि वो हर एक मुकाबले के बाद अपने आपको और भी ज्यादा बेहतर महसूस कर रहे हैं और अब वनडे में फिर से गेंदबाजी करने की भी आदत डाल रहे हैं। बता दें, हार्दिक पांड्या ने न्यूजीलैंड के खिलाफ रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 ओवर में 16 रन देकर दो महत्वपूर्ण विकेट झटके।

हार्दिक पांड्या ने डेवोन कॉनवे और मिचेल संटनर का विकेट झटका। कॉनवे का विकेट उनके लिए सबसे शानदार रहा क्योंकि यह कैच उन्होंने अपनी ही गेंदबाजी में एक हाथ से पकड़ा। भारतीय टीम की शानदार गेंदबाजी के चलते न्यूजीलैंड 108 रन पर ऑलआउट हो गई।

भले ही हार्दिक पांड्या ने पहले वनडे में 7 ओवर में 70 रन देकर मात्र 1 विकेट भी झटका हो लेकिन उन्होंने पारी के अंत में काफी शानदार ओवर फेंककर भारत को मुकाबले में वापसी दिलाई।

दूसरे वनडे की पहली पारी के खत्म होने के बाद हार्दिक पांड्या ने ब्रॉडकास्टर को कहा कि, ‘ बहुत ही शानदार दिन रहा। हमने विकेट का बेहतरीन तरीके से इस्तेमाल किया और सब चीज़ें हमारे पक्ष में गई। वनडे में मैं फिर से गेंदबाजी करने की आदत डाल रहा हूं। मेरा शरीर हर मुकाबले के बाद और बेहतर हो रहा है।’

हम लोगों ने शानदार गेंदबाजी की: हार्दिक पांड्या

हार्दिक पांड्या के अलावा मोहम्मद शमी ने भी बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 6 ओवर में 18 रन देकर तीन विकेट झटके। वाशिंगटन सुंदर ने 2 विकेट अपने नाम किए। भारतीय गेंदबाजों ने पहले ओवर से ही न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों के ऊपर दबाव डालना शुरू कर दिया।

हार्दिक ने आगे कहा कि, ‘हमनें सही जगह पर गेंद फेंकी और बल्लेबाजों का इम्तिहान लेते रहे। सभी फील्डरों ने भी काफी अच्छे कैच पकड़े। ये 108 रन वाला विकेट नहीं था लेकिन हमने शुरुआत से ही उनके बल्लेबाजों के ऊपर दबाव बनाया जिसकी वजह से हम मुकाबले को जीत पाए।’

close whatsapp