IPL 2023: टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले फाफ डु प्लेसिस ने महेंद्र सिंह धोनी को लेकर दिया बड़ा बयान
फाफ डु प्लेसिस ने चेन्नई सुपर किंग्स को भी शुक्रिया कहा क्योंकि फ्रेंचाइजी ने उन्हें तब मौका दिया जब वो काफी युवा थे।
अद्यतन - मार्च 1, 2023 2:25 अपराह्न

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने विराट कोहली की जगह फाफ डु प्लेसिस को कप्तान नियुक्त किया था। बता दें, विराट कोहली ने खुद यह फैसला लिया था कि अब उन्हें कप्तानी पद से हटना है और इसी वजह से फाफ को टीम का कप्तान नियुक्त किया गया।
फाफ डु प्लेसिस ने भी बेहतरीन कप्तानी की और RCB कप्तान के रूप में अपनी टीम को पहले ही सीजन में प्लेऑफ में पहुंचाया। पूर्व दक्षिण अफ्रीकाई खिलाड़ी को दुनिया के बेहतरीन बल्लेबाजों में गिना जाता है। उनकी फील्डिंग भी काफी शानदार है।
फाफ डु प्लेसिस ने RCB पॉडकास्ट सीजन 2 में कहा कि, ‘मुझे लगता है जिस चीज में मुझे इस मुकाम पर पहुंचाया वो यह था कि मैं कप्तान के रूप में ग्रीम स्मिथ नहीं हूं। मैं स्टीफन फ्लेमिंग भी नहीं बन सकता और ना ही कप्तान के रूप में एमएस धोनी। मुझे सिर्फ खुद पर भरोसा करना है। अगर आप दबाव में अच्छा प्रदर्शन नहीं करेंगे तो लोग भी आपके बारे में काफी तरह से समझ जाएंगे।’
एमएस धोनी की कप्तानी के फैन हैं फाफ डु प्लेसिस
फाफ डु प्लेसिस ने चेन्नई सुपर किंग्स को भी शुक्रिया कहा क्योंकि फ्रेंचाइजी ने उन्हें तब मौका दिया जब वो काफी युवा थे। पूर्व दक्षिण अफ्रीकाई खिलाड़ी ने कहा कि CSK कोच स्टीफन फ्लेमिंग बेहतरीन कप्तानों में से एक हैं।
फाफ ने कहा कि, ‘जब मैं युवा था तब मुझे चेन्नई से खेलने का मौका मिला। स्टीफन फ्लेमिंग इस खेल के बेहतरीन कप्तानों में से एक हैं। जब मैं CSK की ओर से पहला सीजन खेल रहा था तब मैं फ्लेमिंग के बगल में बैठा हुआ था और उनसे कप्तानी को लेकर सवाल पूछ रहा था। उनसे मैंने काफी कुछ सीखा। मैं एमएस धोनी की कप्तानी का भी काफी बड़ा फैन हूं। वो खेल को काफी अच्छी से समझते हैं और उनकी कप्तानी भी काफी सराहनीय है।’