IPL 2023: एक बार फिर से राजस्थान रॉयल्स इस शानदार टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह बनाएगी: मोहम्मद कैफ
इंडियन प्रीमियर लीग 2023 की शुरुआत 31 मार्च से होने वाली है।
अद्यतन - मार्च 23, 2023 6:40 अपराह्न

इंडियन प्रीमियर लीग 2023 की शुरुआत 31 मार्च से होने वाली है। तमाम लोग इस शानदार टूर्नामेंट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। IPL 2023 से पहले पूर्व खिलाड़ी मोहम्मद कैफ ने राजस्थान रॉयल्स को लेकर बड़ा बयान दिया है। उनके मुताबिक राजस्थान रॉयल्स एक बार फिर से इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के फाइनल में अपनी जगह बनाएगी।
बता दें, IPL 2022 में भी राजस्थान रॉयल्स ने फाइनल में अपनी जगह पक्की की थी हालांकि उन्हें गुजरात टाइटंस के खिलाफ इस महत्वपूर्ण मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। राजस्थान रॉयल्स ने इस बेहतरीन टूर्नामेंट का पहला सत्र अपने नाम किया था।
स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत के दौरान मोहम्मद कैफ ने कहा कि, ‘ऐसा लगता है कि राजस्थान रॉयल्स एक बार फिर से फाइनल में पहुंचेगी क्योंकि उनकी टीम इस बार भी काफी मजबूत दिख रही है। मैं इस टीम को फाइनल की दौड़ में काफी आगे देख रहा हूं। उनके पास रविचंद्रन अश्विन और युजवेंद्र चहल हैं। हां, पिछली बार प्रसिद्ध कृष्णा उनके मुख्य गेंदबाज थे लेकिन वो इस समय चोटिल हैं। ट्रेंट बोल्ट नई गेंद से विकेट चटका रहे हैं।’
कैफ ने आगे कहा कि, ‘वो एक पूरी टीम है। उनके पास बल्लेबाजी में बटलर हैं जो अकेले अपने दम पर मुकाबला जिताने की क्षमता रखते हैं। उसके बाद उनके पास हेटमायर हैं जो फिनिशर की भूमिका निभा सकते हैं। संजू सैमसन नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हैं और उनका रिकॉर्ड सच में कमाल का है। उन्होंने कप्तानी की भूमिका भी काफी अच्छी तरह से निभाई है।’
दीप दासगुप्ता ने भी राजस्थान रॉयल्स को लेकर अपना पक्ष रखा
मोहम्मद कैफ के बाद दीप दासगुप्ता ने भी इस फ्रेंचाइजी को लेकर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि, ‘यह एक एक्स-रॉयल का जवाब है। लेकिन गेंद सवाई मानसिंह स्टेडियम में ज्यादा स्पिन नहीं होती है। स्पिनर्स वहां पर काफी रन लुटाते हैं। यह देखना बेहद जरूरी होगा कि जयपुर में किस तरह की पिच को तैयार किया जाता है।’
उन्होंने आगे कहा कि, ‘अगर वहां नॉर्मल पिच रहती है तो उनका फाइनल में पहुंचना थोड़ा मुश्किल होगा। राजस्थान टॉप की टीम है लेकिन जिस आत्मविश्वास से एक्स-रॉयल कह रहे हैं मेरे पास उतना आत्मविश्वास नहीं है।’