मां ने महिला एशिया कप 2022 में अंपायरिंग में किया डेब्यू; तो वायरल हुई पाकिस्तानी क्रिकेटर की पोस्ट - क्रिकट्रैकर हिंदी

मां ने महिला एशिया कप 2022 में अंपायरिंग में किया डेब्यू; तो वायरल हुई पाकिस्तानी क्रिकेटर की पोस्ट

पाकिस्तान महिला एशिया कप 2022 की अंकतालिका में चार अंको के साथ दूसरे स्थान पर है।

Kainat Imtiaz with mother Saleema (Image Source: Twitter)
Kainat Imtiaz with mother Saleema (Image Source: Twitter)

पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर कायनात इम्तियाज ने अपनी मां सलीमा इम्तियाज के सम्मान में सोशल मीडिया पर एक दिल को छू लेने वाली पोस्ट साझा की है, जिन्होंने बांग्लादेश में इस समय खेले जा रहे महिला एशिया कप 2022 में अंपायरिंग में डेब्यू किया।

आपको बता दें, सलीमा इम्तियाज ने 1 अक्टूबर को भारत और श्रीलंका के बीच खेले गए जारी महिला टी-20 एशिया कप 2022 के दूसरे मैच में अंपायरिंग की थी। इसके अलावा, वह श्रीलंका बनाम संयुक्त अरब अमीरात मैच में थर्ड अंपायर थीं और 4 अक्टूबर को श्रीलंका और थाईलैंड के बीच खेले गए महिला एशिया कप 2022 के सातवें मैच में ऑन-फिल्ड अंपायर थी। वह पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अंपायरिंग कर रही है।

कायनात इम्तियाज-सलीमा इम्तियाज की जोड़ी है चर्चा में

अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या सलीमा को पाकिस्तान के अगले मैच में अंपायरिंग का मौका मिलता है, जहां मां-बेटी की जोड़ी मैदान में एक-साथ एक्शन में नजर आएगी। पाकिस्तान टीम का जारी महिला एशिया कप 2022 में अगला मैच थाईलैंड के खिलाफ 6 अक्टूबर को है।आपको बता दें, पाकिस्तान ने जारी महिला टी-20 एशिया कप में बांग्लादेश और मलेशिया के खिलाफ अपने दोनों मैच नौ विकेट से जीते हैं, और इस समय अंकतालिका में चार अंको के साथ भारत के बाद दूसरे स्थान पर है।

इस बीच, कायनात इम्तियाज ने ट्विटर पर अपनी मां की तस्वीर साझा करते हुए कैप्शन में लिखा: “मेरी मां महिला एशिया कप 2022 में बतौर अंपायर काम कर रही है। उन्होंने जो कुछ भी हासिल किया है, मुझे उस पर बहुत गर्व है। उनका हमेशा से पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करने का सपना था, जो सपना मैं उनके लिए जी रही थी, लेकिन अब बहुत लंबे इंतजार के बाद वह भी देश का प्रतिनिधित्व करने जा रही हैं। मैं सुपर एक्साइटेड हूं।”

पाकिस्तानी ऑलराउंडर ने एक और तस्वीर साझा करते हुए ट्विटर पर लिखा: “मुझे मेरी प्रेरणा के साथ अंततः एक अच्छी तस्वीर मिल ही गई। ‘महिला एशिया कप 2022 में मां-बेटी की जोड़ी: अनोखा कारनामा’, मुझे ये हैडलाइन बहुत पसंद आई। पाकिस्तान जिंदाबाद।”

आपको बता दें, सलीमा इम्तियाज के पास अंपायरिंग में विशाल अनुभव है। वह एक दशक से अधिक समय से घरेलू स्तर पर अंपायरिंग कर चुकी हैं, जिसकी यात्रा उन्होंने साल 2006 में शुरू की थी। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व नहीं कर पाई, लेकिन उन्होंने कुछ वर्षों तक घरेलू क्रिकेट खेला। अंपायरिंग के अलावा, सलीमा कराची के निक्सर कॉलेज में एक खेल समन्वयक के रूप में काम करती हैं।

close whatsapp