'मुझे नहीं किसी की परवाह'- आपने आलोचकों को लेकर बोले शुभमन गिल - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘मुझे नहीं किसी की परवाह’- आपने आलोचकों को लेकर बोले शुभमन गिल

गिल ने हाल ही में खत्म हुई वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था।

Shubman Gill (Photo Source: Twitter/BCCI)
Shubman Gill (Photo Source: Twitter/BCCI)

भारत की टीम ने हाल ही में समाप्त हुए वेस्टइंडीज दौरे पर शानदार प्रदर्शन किया था। लेकिन खासकर वनडे सीरीज में टीम इंडिया ने जिस तरह से प्रदर्शन किया उसने सभी फैंस का दिल जीत लिया। क्योंकि वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया के पास कोई सीनियर खिलाड़ी मौजूद नहीं था और एक युवा टीम ने श्रृंखला में वेस्टइंडीज का क्लीन स्वीप किया।

उन्हीं युवा खिलाड़ियों में से एक नाम शुभमन गिल का था। उन्होंने वनडे सीरीज के तीनों मैच में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन फिर भी कुछ मौकों पर गिल को फैंस से आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। फैंस ने उन्हें स्ट्राइक-रेट के लिए उनकी आलोचना की। जब गिल से इस बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि वो इस तरह के सवाल से ज्यादा परेशान नहीं होते हैं।

मुझे वास्तव में इस बात की परवाह नहीं है- शुभमन गिल

टेलीग्राफ इंडिया के साथ हाल ही में हुए बातचीत के दौरान शुभमन गिल ने कहा कि, “मुझे लगता है कि सवाल हमेशा उठाए जाएंगे, लेकिन मुझे वास्तव में इस बात की परवाह नहीं है कि लोग क्या कह रहे हैं जब तक कि मैं अपनी टीम की सफलता में योगदान देने में सक्षम हूं। मैं वहीं कर रहा हूं जो टीम प्रबंधन मुझसे चाहता है या मेरा कप्तान मुझसे उम्मीद करता है।”

वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में शुभमन गिल ने शानदार प्रदर्शन किया। 22 वर्षीय बल्लेबाज ने तीन मैचों में 102.50 की औसत से 205 रन बनाए और सीरीज में टॉप रन स्कोरर थे। हालांकि एक मैच में शतक के बेहद करीब पहुंच गए थे लेकिन बारिश की वजह से उन्हें 98 रन के स्कोर पर वापस लौटना पड़ा।

उन्होंने कहा कि, मुझे लगता है कि यह मुझे बढ़त देगा। लेकिन मेरे लिए यह भी महत्वपूर्ण होगा कि मैं इन प्रदर्शनों का समर्थन करता रहूं और लगातार बनाता रहूं और अपनी टीम के लिए अधिक से अधिक रन बनाता रहूं। युवा खिलाड़ी ने मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के बारे में भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि, राहुल सर के साथ मेरी चर्चा ज्यादातर सही मानसिकता खोजने और मुझे मिलने वाले अवसरों का लाभ उठाने पर रही है। ऐसा नहीं है कि हम चीजों के तकनीकी पक्ष पर ज्यादा काम कर रहे हैं।

close whatsapp