जब बात गेंदबाजी की आती है तब मैं वर्कलोड मैनेजमेंट पर भरोसा नहीं करता: आरपी सिंह
आरपी सिंह की मानें तो अगर आपको भारतीय टीम में अपनी जगह बनानी है तो वर्कलोड को लेकर ज्यादा ना सोचे और सिर्फ अच्छी गेंदबाजी करने पर ध्यान दें।
अद्यतन - Jul 29, 2023 8:40 pm

पिछले काफी समय से ऐसा देखा गया है कि कई टीमों के खिलाड़ी लगातार क्रिकेट खेलने की वजह से काफी थक जा रहे हैं या फिर वो किसी एक ही प्रारूप को ज्यादा महत्व दे रहे हैं। लगातार क्रिकेट खेलने की वजह से कई बार ऐसा देखा गया है कि तेज गेंदबाजों को काफी चोट लगती है और फिर उन्हें महत्वपूर्ण मुकाबलों में आराम देना पड़ता है।
भारतीय टीम की बात की जाए तो जसप्रीत बुमराह पिछले काफी समय से चोटिल होने की वजह से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से बाहर है। कुछ ऐसे भी खिलाड़ी हैं जो घरेलू क्रिकेट या अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन उन्हें भी लगातार मौके नहीं दिए जा रहे हैं। पूर्व खिलाड़ी आरपी सिंह की मानें तो अगर आपको भारतीय टीम में अपनी जगह बनानी है तो वर्कलोड को लेकर ज्यादा ना सोचे और सिर्फ अच्छी गेंदबाजी करने पर ध्यान दें।
यह भी पढ़े: WI vs IND: ‘आज मजा आएगा मैच देखने में’, दूसरे वनडे में संजू सैमसन के खेलने पर फैन्स की आई जमकर प्रतिक्रियाएं
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक आरपी सिंह ने कहा कि, ‘इस पर काफी बहस होती है लेकिन जब बात गेंदबाजी पर आती है तब मैं वर्कलोड मैनेजमेंट के बारे में ज्यादा बात नहीं करता। गेंदबाजी की जगह आपको जिम में वर्कलोड को कम करना चाहिए। जितना ज्यादा आप गेंदबाजी करेंगे उतना मजबूत आपका शरीर होगा।’
उन्होंने आगे कहा कि, ‘ हम भी उस जगह से आए हैं जहां गेंदबाज लगातार डेढ़ घंटे तक नेट्स में गेंदबाजी करता है। इसी तरह आप अपनी गेंदबाजी में और सुधार करेंगे। इससे आपका और गेंद का रिश्ता भी अच्छा होगा।’
सिराज ने कड़ी मेहनत की और भारतीय टीम में अपनी जगह बनाई: आरपी सिंह
पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज ने युवा गेंदबाज मोहम्मद सिराज को लेकर कहा कि, ‘इसीलिए बाएं हाथ के गेंदबाज लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाते हैं। अर्शदीप टी-20 में काफी अच्छी गेंदबाजी करते हैं लेकिन टेस्ट फॉर्मेट में आप उनका इस्तेमाल नहीं कर सकते। मोहसिन भी अच्छा प्रदर्शन दिखाने में नाकाम रहे हैं।
सिराज आए और कभी-कभी वो काफी महंगे भी साबित हुए लेकिन उन्होंने लगातार मेहनत की और भारतीय टीम में सभी प्रारूपों में अपनी जगह बनाई। उनकी गेंदबाजी और भी बेहतर होती जा रही है और बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों को यही ग्राफ फॉलो करना चाहिए।’