मेरे अनुसार टी-20 वर्ल्ड कप में युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव साथ खेलते शायद ना दिखाई दें - आकाश चोपड़ा - क्रिकट्रैकर हिंदी

मेरे अनुसार टी-20 वर्ल्ड कप में युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव साथ खेलते शायद ना दिखाई दें – आकाश चोपड़ा

कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल दोनों को टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में खेलने का मौका नहीं मिला था।

Kuldeep Yadav and Yuzvendra Chahal. (Photo Source: Twitter)
Kuldeep Yadav and Yuzvendra Chahal. (Photo Source: Twitter)

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज और अब एक क्रिकेट विशेषज्ञ की भूमिका निभाने वाले आकाश चोपड़ा ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 के सीजन में शानदार गेंदबाजी करने वाले स्पिनर कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल को लेकर बड़ा बयान दिया है। जिसमें उनके अनुसार इस साल के आखिर में ऑस्ट्रेलिया में होने वाले ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में मशहूर कुलचा की जोड़ी शायद ही एकसाथ खेलते हुए देखने को मिले।

IPL 2022 के सीजन में लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल को लेकर बात की जाए तो वह अभी तक सर्वाधिक विकेट हासिल करने के मामले में पहले स्थान पर हैं। जिसमें चहल जो इस सीजन में राजस्थान रॉयल्स के खेल रहे हैं उनके नाम पर 17 विकेट दर्ज हो चुके हैं, जिसमें एक हैट्रिक भी शामिल है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स टीम का हिस्सा कुलदीप यादव के नाम भी 13 विकेट दर्ज हैं।

लेकिन वहीं आकाश चोपड़ा के अनुसार ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान पिच तेज गेंदबाजों के लिए अधिक माकूल होंगी जिसमें स्पिन गेंदबाजों के लिए अधिक कुछ खास नहीं रहेगा। जिसमें उनके अनुसार भारतीय टीम के पास पहले से ही 2 स्पिन ऑलराउंडर खिलाड़ी रवींद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर मौजूद हैं।

भारतीय टीम वाशिंगटन सुंदर को खिलाने का फैसला कर सकती है

आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर सवाल-जवाब के एक सत्र के दौरान कहा कि, यदि वास्तविक तौर पर देखा जाए तो टी-20 वर्ल्ड कप में रवींद्र जडेजा की जगह पूरी तरह से पक्की कही जा सकती है, जो बल्लेबाजी, गेंदबाजी करने के साथ फील्डिंग में भी काफी शानदार हैं। इसके अलावा भारतीय टीम वाशिंगटन सुंदर को भी खिलाने का फैसला कर सकती है। जो एक ऑफ स्पिनर का विकल्प देने के साथ बल्लेबाजी भी कर सकते हैं।

ऑस्ट्रेलिया में होने वाले इस टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान 3 स्पिनर एक साथ आपको खेलते हुए नहीं दिखेंगे। हालांकि चहल और कुलदीप दोनों ही ऐसे गेंदबाज हैं, जो टीम को किसी भी समय विकेट निकालकर दे सकते हैं।

close whatsapp