गायकवाड़ की बल्लेबाजी के मुरीद हुए हार्दिक, कहा- आने वाले समय में वो भारत के किए कमाल कर सकते हैं
राशिद खान ने इस मैच में 4 ओवर में 26 रन देकर 2 विकेट चटकाए।
अद्यतन - अप्रैल 1, 2023 1:26 अपराह्न

इंडियन प्रीमियर लीग के 16वें सीजन का आगाज हो चुका है। आईपीएल 2023 का पहला मुकाबला गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला गया। इस मुकाबले में गुजरात ने चेन्नई को 5 विकेट से करारी शिकस्त दी। हालांकि CSK के सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ ने बेहतरीन पारी खेली और अपनी टीम को बड़ा स्कोर खड़ा करने में मदद की।
बता दें ऋतुराज गायकवाड़ ने 50 गेंद खेलकर 92 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 9 छक्के शामिल रहें। हालांकि वह अपने शतक से मात्र 8 रन दूर रह गए। उनकी इस शानदार पारी की बदौलत CSK 178 रन बनाने में कामयाब रही। लेकिन गुजरात ने बेहतरीन प्रदर्शन कर इस मैच को 5 विकेट से अपने नाम किया।
ऐसा लग रहा था कि हम उसे आउट ही नहीं कर सकेंगे-हार्दिक पंड्या
वहीं मैच खत्म होने के बाद इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत करते हुए हार्दिक पांड्या ने ऋतुराज गायकवाड़ की जमकर तारीफ की और कहा कि, एक समय तो ऐसा लग रहा था कि चेन्नई सुपर किंग्स 220-230 रन बना लेगी। हमें उसे गेंदबाजी करने में काफी दिक्कत हो रही थी। मुझे तो ऐसा लग रहा था कि हम उसे आउट ही नहीं कर सकेंगे।
उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, उसने कुछ ऐसे शॉट खेले जो काफी बेहतरीन थे। आगे वह ऐसे ही खेलते रहे तो भारतीय क्रिकेट के लिए कमाल कर सकते हैं। समय आने पर वह भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा होंगे।
अपनी टीम के प्रदर्शन के बारे में बात करते हुए हार्दिक पांड्या ने कहा कि, मेरे और शुभमन के आउट होने से हमारी टीम परेशानी में आ गई थी लेकिन एक बार फिर राहुल तेवतिया ने बेहतरीन पारी खेली और राशिद ने दिखा दिया कि वह क्या कर सकते हैं। बता दें राशिद खान ने इस मैच में 4 ओवर में 26 रन देकर 2 विकेट चटकाए। साथ ही उन्होंने बतौर बल्लेबाज 3 गेंद खेलकर 10 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिलाई।