MS Dhoni का आईपीएल करियर समाप्त हुआ?, वसीम अकरम ने माही के भविष्य पर दिया बड़ा बयान
इससे पहले मैथ्यू हेडन ने भी कहा कि यह एमएस धोनी के लिए आखिरी आईपीएल सीजन हो सकता है
अद्यतन - मई 20, 2024 8:43 अपराह्न

IPL 2024 में चेन्नई सुपर किंग्स का सफर समाप्त हो चुका है। 18 मई को बेंगलुरु में खेले गए मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने सीएसके को 27 रनों से हराया और प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की की। वहीं एमएस धोनी (MS Dhoni) के संन्यास की अटकलें अब तेज हो गई हैं। इस बीच पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर वसीम अकरम ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
वसीम अकरम ने स्पोर्ट्सकीड़ा के ‘मैच की बात’ पर कहा, (एमएस धोनी के भविष्य पर) मुझे लग रहा है कि इसके बाद उनका काम समाप्त हो जाएगा। उनके जैसे खिलाड़ी जीवन में आते हैं, यह सब अब उन पर निर्भर करता है।
यह केवल उनकी विरासत की एक झलक होगी- वसीम अकरम
उन्होंने आगे कहा, उनकी विरासत सिर्फ वह (110 मीटर) सिक्स नहीं है, यह कुछ और है। उन्होंने भारतीय क्रिकेट के लिए बहुत कुछ किया है। वह मानसिकता लेकर आए। एक कप्तान के रूप में, उन्होंने शांति लाई, कप्तानी पारी खेली, जिस तरह से वह फिनिशर बने, जिस तरह से उन्होंने खिलाड़ियों को तैयार किया और निरंतरता दिखाई, इसलिए यह उनकी विरासत होगी।
पूर्व क्रिकेटर ने ये भी कहा, हां, लेकिन फैन्स के लिए उनकी आखिरी छवि इस उम्र में 110 मीटर का सिक्स होगा, यह अविश्वसनीय फिटनेस है। यह केवल उनकी विरासत की एक झलक होगी।
आपको बता दें कि इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज मैथ्यू हेडन ने भी कहा कि यह एमएस धोनी के लिए आखिरी आईपीएल सीजन हो सकता है। उनका मानना है कि वह भविष्य में सीएसके के मेंटर या फ्रेंचाइजी का हिस्सा होंगे।
वहीं टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार सीएसके अधिकारी ने कहा कि धोनी ने सीएसके में किसी को नहीं बताया है कि वह छोड़ रहे हैं। उन्होंने मैनेजमेंट से कहा है कि वह अंतिम फैसला लेने से पहले कुछ महीनों तक इंतजार करेंगे।